अशोकनगर में BJP को बड़ा झटका, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष कांग्रेस में शामिल

अशोकनगर में BJP को बड़ा झटका, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष कांग्रेस में शामिल

अशोकनगर/हितेंद्र बुधौलिया

अभी तक अशोकनगर जिले में कांग्रेस के नेता भाजपा में गए थे, लेकिन मंगलवार को कांग्रेस ने भी भाजपा को बड़ा झटका दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष हरिबाबू राय बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सोमवार देर रात उन्होंने बीजेपी से इस्तीफा दिया था। मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस जॉइन की है।

हरिबाबू राय को बीजेपी का निष्ठावान कार्यकर्ता माना जाता था। बीते चुनाव में उन्होंने विधानसभा टिकट की दावेदारी भी की थी मगर पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। आने वाले उपचुनाव में कांग्रेस से आए पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी बीजेपी के संभावित उम्मीदवार हैं। ऐसे में उन्होंने भी दलबदल कर कांग्रेस से टिकिट पाने की कोशिश की है। हालांकि उनका कहना है कि टिकिट को लेकर अभी कोई बात तो नहीं हुई । कांग्रेस पार्टी में वह स्वेच्छा से जा रहे हैं और जन सेवा करना चाहते हैं।

हरिबाबू राय के कांग्रेस पार्टी में जाने की सुगबुगाहट बीते कुछ दिनों से चल रही थी। इसीलिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा 2 दिन से अशोकनगर में डेरा डाले रहे।उन्होंने हरिबाबू राय को मनाने की काफी कोशिश भी की, मगर सफल नहीं हो पाए । पूर्व विधायक एवं बीजेपी के संभावित उम्मीदवार जजपाल सिंह जज्जी ने भी राय से पार्टी ना छोड़ने के लिये बात की थी। जज्जी का कहना है कि उन्होंने कल तक उनको हरिबाबू राय को मनाने का प्रयास किया है मगर वह नहीं माने और पार्टी को छोड़ दी । उन्होने कहा कि हरिबाबू राय को यह भ्रम है की कांग्रेस के लोग उनका साथ देंगे ।उनका कहना है कि बीजेपी राष्ट्रवादी पार्टी है और यहां के कार्यकर्ता सिर्फ पार्टी की विचारधारा के साथ रहते हैं ।उम्मीदवार से फर्क नहीं पड़ता। इधर, हरिबाबू राय ने कहा है कि वह काफी समय से बीजेपी में काम कर रहे थे ,मगर बीते दो-तीन माह से उनको पार्टी की गतिविधियों से असहमति थी। उन्होंने बड़ी सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह स्वेच्छा से पार्टी छोड़ रहे हैं और अब कांग्रेस में जाकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews