Valentine पर कलेक्टर-SP का सरप्राइज गिफ्ट

Valentine पर कलेक्टर-SP का सरप्राइज गिफ्ट

ग्वालियर।अतुल सक्सेना।
वेलेंटाइन वीक में प्रेम करने वाले जोड़े अपने प्रेम का इजहार करते हैं और एक दूसरे को गिफ्ट देते हैं लेकिन ग्वालियर में एक न्यूली वेडिंग कपल को कलेक्टर और एसपी ने सरप्राइज गिफ्ट दिया है। दोनो अधिकारी नवयुगल को अपने खर्चे पर हनीमून के लिए सिंगापुर भेजेंगे। इसके लिए कपल के पासपोर्ट सहित अन्य जरूरी औपचारिकताएं प्रशासन ही पूरी करायेगा।

पिछले दिनों 3 फरवरी को मराठा बोर्डिंग में आई बाल्मीकि समाज की बारात पर राजपूत छात्रावास के छात्रों द्वारा हमला, पथराव और मारपीट करने के बाद से बाल्मीकि समाज और क्षत्रिय समाज आमने सामने हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपी दो छात्र वीरू तोमर और अर्जुन तोमर को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन अभी और आरोपी फरार हैं उधर क्षत्रिय समाज की शिकायत पर बाल्मीकि समाज के युवक शेरू पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में FIR के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। बावजूद इसके रोज दोनों समाजों के लोग अपने अपने तरीके से आंदोलन कर रहे हैं जिसका असर शहर पर हो रहा है।

माहौल को शांत करने और आपसी सौहाद्र बनाये रखने के लिए रविवार को कलेक्टर अनुराग चौधरी और एसपी नवनीत भसीन ने पुलिस कंट्रोल रूम में दोनों समाजों के प्रमुख लोगों की बैठक बुलाई। बैठक में अधिकारियों ने समझाइश दी कि पुलिस अपना काम कर रही है इस तरह माहौल बिगाड़ने से कुछ नहीं होगा। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की परीक्षाएं आ रही हैं प्रदर्शन और आंदोलन से उसमें व्यवधान होगा। बाद में दोनों समाजों के प्रतिनिधियों ने सहमति प्रदान की कि अब कोई भी ना तो प्रदर्शन करेगा और ना ही भड़काऊ बयानबाजी करेगा। और यदि ऐसा कोई करे तो पुलिस एक्शन ले। कलेक्टर ने इन लोगों से अपील की कि आप लोग अपनी सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग समाज और शहर के विकास में लगाएं। बैठक के अंत में कलेक्टर अनुराग चौधरी ने एक घोषणा करते हुए कहा कि चूंकि शादी के समय हुए विवाद का असर नव दंपति पर हुआ है वे अभी भी उस घटना को भूल नही पाए हैं इसलिए मैंने और एसपी साहब ने तय किया है कि हम दोनों अपने खर्चे पर नव दंपति को सिंगापुर भेजेंगे। जिससे वो उस घटना को भूल सकें और अपने जीवन की शुरुआत कर सकें। कलेक्टर की बात सुनने के बाद सभी ने ताली बजाकर उनका अभिवादन किया।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews