MP Election 2023: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कब होंगे विधानसभा चुनाव, पहली बार घर से वोटिंग की सुविधा, साढ़े पांच करोड़ से ज्यादा मतदाता चुनेंगे नई सरकार

MP Election 2023: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कब होंगे विधानसभा चुनाव, पहली बार घर से वोटिंग की सुविधा, साढ़े पांच करोड़ से ज्यादा मतदाता चुनेंगे नई सरकार

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने आये भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने स्पष्ट  कर दिया है कि MP में विधानसभा चुनाव वर्तमान सरकार का कार्यकाल पूरा होने से पहले करा लिए जायेंगे , उनके इस बयान के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है जिसमें कहा जा रहा था कि चुनाव एक दो महीने आगे बढ़ाये जा सकते हैं।

4 से 6 सितंबर तक MP के दौरे पर भारत निर्वाचन आयोग की टीम

भारत निर्वाचन आयोग का दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में पिछले तीन दिन से भोपाल में था, उनके साथ निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय, निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल भी थे इस दौरान 4 से 6 सितंबर तक आयोग की टीम ने निर्वाचन से जुडी तैयारियां का जायजा लिया और फिर उसकी समीक्षा की ।

सरकार का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही जायेंगे चुनाव: मुख्य निर्वाचन आयुक्त  

आज 6 सितंबर को दौरे के अंतिम दिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने भोपाल में प्रेस कांफ्रेस की। उन्‍होंने कहा कि मध्‍य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में वर्तमान राज्य सरकारों का कार्यकाल समाप्त होने के ठीक पहले चुनाव करा लिए जायेंगे।  मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मप्र के दौरे में हमने विभिन्न राजनीतिक दलों, कानून व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों और जिलाधिकारियों, कमिश्नर, आइजी, एसपी आदि के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की इसके अलावा आज सुबह प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की।

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर को

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में इस समय मतदाता सूची में संशोधन का काम चल रहा है। 4 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। मतदाता सूची से किसी भी मतदाता का नाम तभी विलोपित किया जाएगा, जब फार्म 07 मिलेगा। उन्होंने ये भी कहा कि बीएलओ के मैदानी सत्यापन के बगैर कोई भी स्व:संज्ञेय विलोपन नहीं होगा। यहां तक कि किसी की मृत्यु होने की स्थिति में डेथ सर्टिफिकेट के बगैर मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। जिस किसी को भी वोटर लिस्ट से शिकायत है या नाम जुड़वाना चाहते हैं, तो उनके लिए अभी भी समय है वे आएं और यदि  उनकी कोई शिकायत है तो उसकी भी सुनवाई की जाएगी।

प्रदेश में कुल 5.52 करोड़ मतदाता, पहली बार घर से हो सकेगी वोटिंग 

  • मध्य प्रदेश में कुल मतदाता की संख्या 5 करोड़ 52 लाख।
  • पुरुष व महिला मतदाता की संख्या  लगभग बराबर।
  • महिला मतदाता की संख्या थोड़ी कम, ये संख्या 2.67 करोड़ है।
  • प्रदेश में ट्रांसजेंडर वोटर्स की संख्या 1336 है।
  • 7.12 लाख मतदाताओं की उम्र 80 साल या इससे अधिक है।
  • 6,180 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ऊपर है।
  • वरिष्ठ नागरिकों  के लिए वह घर से वोटिंग के विशेष इंतजाम।
  • 18.86 लाख वोटर 18 से 19 वर्ष के, ये पहली बार करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग।
Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews