सुबह खुद को बताया दुर्भाग्य से कांग्रेस विधायक शाम को मांगी माफी,सियासी गलियारों में हलचल

सुबह खुद को बताया दुर्भाग्य से कांग्रेस विधायक शाम को मांगी माफी,सियासी गलियारों में हलचल

इंदौर,आकाश धोलपुरे

प्रदेश में उपचुनाव के पहले वैसे ही सियासत गरमाई हुई है और ऐसे में दलबदल की बयार के बीच इंदोर के कांग्रेस विधायक ने कुछ ऐसा कह डाला जिससे सियासी हलकों में हलचल मच गई। हालांकि कुछ ही घंटों में शायद उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और फिर उन्होने रात को कही अपनी बात पर माफी मांग ली।

इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला हाल के कुछ दिनों में मीडिया की सुर्खियों में बने हुए हैं। कभी वो ठेले वालों के सम्मान में ठेला चलाते दिखते हैं तो कभी कलेक्टर द्वारा मिलने से मनाही के बाद धरने पर बैठ जाते हैं। कभी वो व्यापारियों के बीच जाकर मध्य क्षेत्र की दुकानों को खुलवाने का संघर्ष करते दिखाई दिए तो कभी वो सोशल मीडिया पर बीजेपी को धन्यवाद प्रेषित करने पर सुर्खियां बंटोरते नजर आए। वहीं बुधवार को एक बड़ा विवाद खुद उनके बयान के बाद खड़ा हो गया, लेकिन अचानक मामला संभालते हुए उन्होंने अपनी भूल का सुधार कर लिया।

दरअसल बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला जनता के बीच पहुंचे थे और इसी दौरान मीडिया के सवाल पर उन्होंने कह दिया कि “दुर्भाग्यवश मैं कांग्रेस का विधायक हूँ”। बस फिर क्या था, विधायक संजय शुक्ला की बात के कई अलग अळग अर्थ राजनीतिक गलियारों में लगाए जाने लग। किसी को लगा कि वो कांग्रेस से नाराज हैं तो कोई इस बात की आशंका जताने लगा कि कांग्रेस का एक और विधायक अब बीजेपी में शामिल होने जा रहा है।

इन सब कयासों के चर्चा में तब्दील होने के बाद आखिरकार कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने मीडिया के सामने बुधवार रात को ही अपनी कही बात की सफाई दे दी। उन्होने कहा कि जिस समय उन्होंने ये बात कही थी उस समय वो मन्दिर तोड़ने की बात को लेकर आक्रोशित था और जनता उनके साथ थी, ऐसे में आक्रोश में उस समय बात करने के दौरान गलती से उनके मुंह से ये शब्द निकल गए। संजय शुक्ला का कहना है कि मैंने गलती की है और मैं इस पर क्षमा मांगता हूँ। भगवान ने जबान दी है और हमसे गलती हो जाती है तो उस पर क्षमा मांगने से भी कोई गुरेज नही होना चाहिए।

फिलहाल, इंदौर विधायक का आवेश में आकर दुर्भाग्यवश खुद को कांग्रेस विधायक बोलना और फिर कुछ ही घंटों बाद माफी मांग लेने से एक तरफ बीजेपी को बैठे बिठाए एक मुद्दा देने जैसा ही है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews