शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलावों की घोषणा की। नादौन के सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश के 140 स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। इन स्कूलों में अगले दो महीनों के भीतर शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाएगी और विद्यार्थियों के लिए एक अलग ड्रेस कोड भी निर्धारित होगा।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय के 29वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान कीं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर रही है।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस

सीएम सुक्खू ने बताया कि शिक्षा विभाग में जल्द ही 400 लेक्चरर और 400 असिस्टेंट लेक्चरर के पद भरे जाएंगे। उन्होंने हमीरपुर में एक साइंस कॉलेज की स्थापना के लिए 20 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक कैंसर अस्पताल को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही, यहां एक सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक भी स्थापित किया जाएगा और 100 करोड़ रुपये की लागत से मदर एंड चाइल्ड अस्पताल का निर्माण हो रहा है।

“हमने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद करके 3800 करोड़ रुपये अर्जित किए, जिससे समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। आने वाला समय हिमाचल के युवाओं का है।”- सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश

नादौन कॉलेज के लिए भी कई घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से यहां भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान के साथ-साथ एमसीए और एमबीए जैसे व्यावसायिक कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कॉलेज में 17.22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुद्देश्यीय हॉल का शिलान्यास भी किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया।

पिछली सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछली भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए पिछली सरकार ने पांच हजार करोड़ रुपये बांट दिए, लेकिन फिर भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार के कार्यकाल में गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान पर पहुंच गया था। हमने व्यवस्था परिवर्तन किया और आज हम पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।”

नादौन बनेगा स्पोर्ट्स टूरिज्म का केंद्र

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आने वाले समय में नादौन को स्पोर्ट्स टूरिज्म के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खरीड़ी में 160 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स सेंटर बनाया जा रहा है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त, ब्यास नदी पर 300 करोड़ रुपये से रिवर फ्रंट, 80 करोड़ से रिवर राफ्टिंग सेंटर और 100 करोड़ से एक वेलनेस सेंटर स्थापित करने की योजना है।