हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर एक नई पहल की जा रही है। दरअसल राज्य चुनाव आयोग 85 साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं को घर से वोट देने की सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। वहीं इसके लिए एक खास ऐप बनाया जा रहा है जिससे बुजुर्ग लोग बिना पोलिंग बूथ पहुंचे ही मतदान कर सकेंगे। बता दें कि यह ऐप राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की मदद से तैयार किया जा रहा है।
दरअसल चुनाव आयोग का कहना है कि पहले इसका ट्रायल किया जाएगा। वहीं अगर ट्रायल सफल रहा तो राज्य के हजारों बुजुर्ग मतदाताओं को इस सुविधा का फायदा मिलेगा। हालांकि अगर ऐप ठीक से काम नहीं कर पाया तो सभी मतदाताओं को पहले की तरह पोलिंग बूथ पर जाकर ही वोट डालना होगा।
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से वोटिंग योजना
वहीं इस योजना के तहत सबसे पहले 85 साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं को घर से मतदान का विकल्प देने की तैयारी है। चुनाव आयोग का मानना है कि कई बुजुर्ग लोग स्वास्थ्य या चलने-फिरने की समस्या के कारण पोलिंग बूथ तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में घर से वोटिंग की सुविधा उनके लिए मददगार साबित हो सकती है। ऐसे में अगर यह सिस्टम सफल रहता है तो भविष्य में इसमें दिव्यांग मतदाताओं को भी शामिल किया जा सकता है। खास तौर पर वे लोग जो पूरी तरह चलने-फिरने में असमर्थ हैं उन्हें भी घर से वोट डालने का मौका दिया जा सकता है।
जानिए क्या है प्रशासन की चिंताएं?
दरअसल चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक इस ऐप में ऐसी तकनीक इस्तेमाल की जाएगी जिससे वोट देने वाले व्यक्ति की पहचान और वोट की गोपनीयता दोनों सुरक्षित रह सकें। यानी जिस व्यक्ति ने वोट दिया है उसकी जानकारी सुरक्षित रहेगी और किसी को यह पता नहीं चलेगा कि उसने किसे वोट दिया। हालांकि इस नई व्यवस्था को लेकर कुछ प्रशासनिक अधिकारियों ने चिंता भी जताई है। हाल ही में चुनाव आयोग के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कुछ जिलों के डीसी ने कहा कि पंचायत चुनाव का समय काफी कम है और घर से वोटिंग की व्यवस्था लागू करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी।
दरअसल पंचायत चुनाव में प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड मेंबर के वोटों की गिनती उसी दिन होती है। ऐसे में अगर किसी कारण से घर से मतदान वाले वोट समय पर कलेक्ट नहीं हो पाए तो नतीजों पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से प्रशासन इस व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी और परीक्षण करना चाहता है।
जानकारी दे दें कि राज्य में जल्द ही पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 3758 पंचायतों और 51 नगर निकायों में चुनाव होने हैं। इन चुनावों में करीब 55 लाख मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।






