हिमाचल प्रदेश की राजनीति और शाही परंपरा एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के बेटे तथा राज्य सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। यह भव्य विवाह समारोह 22 सितंबर 2025 को चंडीगढ़ में आयोजित होगा। उनकी शादी पंजाब यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर अमरीन कौर से तय हुई है। अमरीन कौर चंडीगढ़ निवासी सरदार जोतिंदर सिंह सेखों और सरदारनी ओपिंदर कौर की सुपुत्री हैं। विवाह रस्में चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित पारिवारिक निवास पर सुबह 10 बजे से होंगी और दोपहर 1 बजे लंच का आयोजन किया जाएगा।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी
विवाह का निमंत्रण पत्र भी जारी कर दिया गया है। कार्ड में लिखा है, “स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से राजमाता प्रतिभा सिंह ससम्मान आपको आमंत्रित करती हैं कि आप पधारकर उनके सुपुत्र विक्रमादित्य सिंह के विवाह समारोह की शोभा बढ़ाएं।” यह विवाह समारोह निजी तौर पर रखा गया है, लेकिन इसमें देश-प्रदेश की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 8 मार्च 2019 को राजस्थान के उदयपुर स्थित कनोतागढ़ पैलेस में मेवात के शाही परिवार से संबंध रखने वाली राजकुमारी सुदर्शना सिंह से हुई थी। हालांकि, कुछ समय बाद ही उनके रिश्तों में मतभेद पैदा हो गए। मामला जयपुर फैमिली कोर्ट तक पहुंचा और बाद में आपसी सहमति से दोनों का तलाक हो गया। अब विक्रमादित्य सिंह अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के उत्तराधिकारी माने जाते हैं और प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस ने उन्हें मंडी सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और अभिनेत्री कंगना रनौत से हुआ था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब राजनीति से अलग इस शाही शादी की खबर ने प्रदेश और पंजाब के राजनीतिक माहौल में नई हलचल पैदा कर दी है।





