मजदूरों का हित मजदूरों को समर्पित : पीएम मोदी ने इंदौर हुकुमचंद मिल के श्रमिकों को किया 224 करोड़ बकाया राशि का भुगतान

PM Modi virtually distributed the dues of Hukumchand Mill workers

PM Modi distributed the dues of Hukumchand Mill workers : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंदौर में आयोजित ‘मजदूरों का हित मजदूरों को समर्पित’ कार्यक्रम में हुकुमचंद मिल के श्रमिकों को 224 करोड़ रुपए का बकाया राशि का चेक सौंपा। इसी के साथ कार्यक्रम में 100 करोड़ से ज्यादा निर्माण कार्यों का लोकार्पण और नगर निगम के लिए सौर ऊर्जा की नई योजना का भी शिलान्यास किया गया।

‘चार जाति सबसे बड़ी’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। उन्होने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और सुशासन दिवस पर हुए इस कार्यक्रम के लिए बधाई देता हूं। उन्होने कहा कि इंदौर के लोग 25 दिसंबर की तारीख को श्रमिकों को न्याय मिलने के दिन के रूप में याद करेंगे। पीएम ने कहा कि मेरे लिए देश में 4 जातियां सबसे बड़ी हैं जो हैं मेरा गरीब, मेरा युवा, मेरी माताएं बहनें महिलाएं और मेरे किसान भाई बहन। मध्य प्रदेश की सरकार ने गरीबों का जीवन बदलने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और आगे भी इसी लक्ष्य के साथ सब मिलकर काम करते रहेंगे।

तीन दशक बाद मिला मजदूरों को इंसाफ

बता दें कि साल 1992 में इंदौर में हुकुमचंद मिल बंद हो गई थी और इसके बाद मिल मजदूरों ने अपने हक की बकाया राशि के लिए लगभग तीन दशकों तक कानूनी लड़ाई लड़ी। लगभग 4800 से ज्यादा मजदूरों अपने हक की लंबी लड़ाई लड़ी और करीब 2 हजार लोग तो इंसाफ मिलने से पहले इस दुनिया से चले भी गए। मध्य प्रदेश सरकार की पहल पर राज्य हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड और श्रमिक संघ ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए और निपटान राशि 20 दिसंबर को उच्च न्यायालय में जमा की गई। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिल के मजदूरों को मिलने वाली बकाया राशि से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर अपनी स्वीकृति प्रदान की थी।

पीएम मोदी ने वर्चुअली राशि वितरित की

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंदौर के हुकुमचंद मिल श्रमिकों की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होने कहा कि ‘मुझे बताया गया है कि जब हुकुमचंद मिल के श्रमिकों के लिए पैकेज का एलान किया गया तो इंदौर में उत्सव का माहौल हो गया था। इस निर्णय ने हमारे श्रमिक भाई-बहनों में त्योहारों के उल्लास और बढ़ा दिया है। गरीबों की सेवा, श्रमिकों का सम्मान और वंचितों को मान हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि देश का श्रमिक सशक्त बने और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे। मजदूरों के हित-मजदूरों को समर्पित कार्यक्रम हमारे श्रमिक भाइयों-बहनों की वर्षों की तपस्या, सपनों और संकल्पों का परिणाम है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार की नई टीम को हमारे श्रमिक परिवारों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिलेगा।‘

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सौंपा प्रतीकात्मक चेक

सीएम मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर मजदूरों के पैसे का भुगतान किया गया। वहीं हजारों करोड़ों की मिल की जमीन हाउसिंह बोर्ड के माध्यम से शासन को मिलेगी और एक बड़ी समस्या का समाधान होगा। उन्होने कहा कि  ‘मजदूरों के हित-मजदूरों को समर्पित कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की ओर से श्रमिकों के लिए स्वीकृत राशि ₹217.86 करोड़ का प्रतीकात्मक चेक श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आदर के साथ सौंपा। हमारे श्रमिक भाइयों-बहनों की वर्षों की तपस्या, सपनों और संकल्पों का परिणाम है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार की नई टीम को हमारे श्रमिक परिवारों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिलेगा।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews