मध्यप्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं जहां जालसाज हर बार ठगी का नया तरीका अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। कभी मोटे मुनाफे का लालच तो कभी झूठे वादों के सहारे ठग लोगों की मेहनत की कमाई पर सेंध लगा रहे हैं। ताजा मामला इंदौर से समाने आया है। जहां एक व्यक्ति को इंटरनेशनल शेयर मार्केट में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर उससे लाखों रुपये ऐंठ लिये गये।
इंदौर के चंदननगर थाना क्षेत्र में यह ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक से इंटरनेशनल शेयर मार्केट में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर एक युवक से 8.70 लाख रुपए ठग लिए गये। इसकी शिकायत युवक ने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी अनुसार, चंदन नगर थाना अंतर्गत ताप्ती परिसर निवासी जय कुमार बडोनिया ने थाने में एक शिकायत दर्ज कराते हुये बताया कि अप्रैल में उनके पास एक अज्ञात महिला का कॉल आया था। महिला ने भरोसा दिलाते हुये कहा कि इंटरनेशनल शेयर मार्केट में निवेश करने पर कम समय में भारी मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके बाद युवक उस महिला की बातों में आ गया और निवेश के लिये तैयार हो गया।
वहीं, इसके बाद महिला ने युवक को अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी दी और कुल 9 बार में 8 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिये। जब उन्होंने निवेश की रकम और मुनाफा निकालने की बात कही, तो युवक से और पैसों की डिमांड की जाने लगी। इसके बाद युवक का ऐहसास हुआ वह ठगी का शिकार हो चुका है। इसके बाद युवक ने पुलिस को मामले की सूचना दी और शिकायज दर्ज कराई।
ठगी की रकम कई बैंक खातों में ट्रांसफर
युवक की शिकायत पर जब पुलिस ने मामले की जांच को खुलासा हुआ कि ठगी की रकम बैंक ऑफ इंडिया, बंधन बैंक और स्मॉल फाइनेंस बैंक के खातों में ट्रांसफर की गई। ये खाते हिंदूस ट्रेडर्स, एम इंटरप्राइजेस, कलिता इंटरप्राइजेस, विलेस एआई टेक्नोलॉजी इंटरप्राइजेस, सोहन वुडन कार्ड सहित अन्य नामों से रजिस्टर्ड हैं। पुलिस को आशंका है कि इन सभी खातों का उपयोग धोखाधड़ी में किया गया है एवं कई लोगों के साथ इन खातों की सहायता से धोखाधड़ी की गई। पुलिस महिला एवं अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।





