
Indore News : इंदौर बिजली वितरण कंपनी ने अलीराजपुर जिले के डूब प्रभावित क्षेत्र में मतदान केंद्र पर विद्युत व्यवस्था कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। बता दें कि यहां जाने के लिए साधन भी नहीं है। दरअसल, भारत निर्वाचन आय़ोग के आदेशासनुसार मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी 18 हजार 500 बूथों पर बिजली आपूर्ति की बेहतरीन व्यवस्था की है।

बूथों पर किए गए बिजली के व्यापक प्रबंध
वहीं, अलीराजपुर जिले के सबसे अनोखे एवं चर्चित झंडाना और चमेली में भी व्यापक बंदोबस्त कर लाइनमैन मदन सिंह कनेश को प्रभारी बनाया गया हैं। कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने बताया कि इंदौर व उज्जैन संभाग के सभी 15 जिलों में आयोग के आदेशानुसार बूथों पर बिजली के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सहायक मतदान केंद्रों पर भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
बिजली व्यवस्था की होगी निगरानी
आगे अमित तोमर ने बताया कि अलीराजपुर जिले के सोंडवा क्षेत्र के झंडाना और चमेली गांव में सरदार सरोवर के डूब प्रभावित क्षेत्र के गांवों के बूथों पर भी बिजली का व्यापक बंदोबस्त है। यहां निर्वाचन के लिए जहां नाव, बस और पैदल चलकर पहुंचना होगा तो वहीं बूथों पर 24 घंटे बिजली मिलेगी। झाबुआ के अधीक्षण यंत्री ड़ीएस चौहान ने बताया कि इन विशेष बूथों पर बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए लाइनमैन मदन सिंह कनेश को जिम्मेदारी दी गई है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

