
Indore News : प्रवासी भारतीय दिवस, ग्लोबल समिट और जी-20 की बैठक के बाद इंदौर को एक और राष्ट्रीय स्तर के बड़े आयोजन का मौका मिला है। इस बार स्मार्ट सिटी का राष्ट्रीय सम्मेलन इंदौर में आयोजित किया जाएगा। बता दें कि 27 से 29 सितंबर तक होने वाले इस सम्मेलन का उदघाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। इस आयोजन में स्मार्ट सिटी के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे। जिसमें 2 हजार से ज़्यादा विशिष्टजन सम्मिलित होंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शहर सम्मानित किए जाएंगे।
सांसद ने पीएम को लिखा था पत्र
स्वच्छता में लगातार नंबर 1 आने एवं इसी कॉन्फ्रेंस में पिछले साल देश भर में प्रथम आने के बाद सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यह आयोजन इंदौर में करने का अनुरोध किया था। जिस पर पीएमओ की सहमति के बाद केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने इंदौर में ये कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का फैसला लिया। इस आयोजन के तैयारियों से जुड़ी बैठक 24 अगस्त को रखी गई है।
6 वर्ष पहले हुई थी शुरुआत
साल 2018 में सबसे पहले शहरों द्वारा किए गए इनोवेशन, इम्पैक्ट और स्केलेबिलिटी को हाईलाइट करने के लिए इंडियन स्मार्ट सिटीज अवॉर्ड कांटेस्ट (ISAC) की शुरुआत की गई थी। इस श्रृंखला में पहले अवॉर्ड सेरिमनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। जिसके बाद से लगातार इस अवार्ड का महत्व बढ़ता गया है। पिछले साल सूरत में आयोजित आईएसएसी 2022 में 77 शहरों से 15 कैटेगरी में 845 से ज्यादा एप्लीकेशन आई थीं।
इंदौर से मंगल राजपूत की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

