“यह देश के सम्मान की बात है” ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों की छेड़खानी मामले में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “कड़ी कार्रवाई की जाएगी”

इंदौर में टूर्नामेंट खेलने आईं दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने बाइक पर पीछा कर उन्हें छूने की कोशिश करने वाले आरोपी अकील को CCTV फुटेज की मदद से कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
“यह देश के सम्मान की बात है” ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों की छेड़खानी मामले में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “कड़ी कार्रवाई की जाएगी”

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना सामने आई है। बाइक सवार एक युवक ने होटल से कैफे जा रहीं दोनों खिलाड़ियों का पीछा किया और उन्हें छूने की कोशिश की। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम एक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए शहर में है। टीम की दो सदस्य जब होटल से पास के एक कैफे के लिए निकलीं, तो खजराना लिंक रोड पर बाइक सवार एक युवक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने खिलाड़ियों के करीब आकर उन्हें गलत तरीके से छूने का प्रयास किया।

CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

खिलाड़ियों ने इस घटना से घबराए बिना तुरंत अपने सुरक्षा अधिकारी डेनि सिमस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग हरकत में आ गया। एमआईजी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे आरोपी की पहचान और उसकी बाइक का पता चला।

पुलिस ने फुटेज के आधार पर कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की पहचान इंदौर निवासी अकील के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

कैलाश विजयवर्गीय बोले- होगी कड़ी कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ भाजपा नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस घटना को देश के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि मेहमान खिलाड़ियों के साथ ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

[dgv_vimeo_video id=”1130446328″]

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि महिला खिलाड़ियों ने मानसिक रूप से खुद को संभालते हुए तुरंत इसकी सूचना दी, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस आरोपी अकील से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है।

[dgv_vimeo_video id=”1130446497″]

खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ाई गई

विदेशी खिलाड़ियों के साथ हुई इस घटना ने इंदौर में महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले के बाद प्रशासन ने टीम की सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।

इंदौर, शकील अंसारी की रिपोर्ट

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews