
Indore News : स्मार्ट मीटर योजना को समझने के लिए मध्य प्रदेश सहित देश के अन्य कई शहरों से अधिकारियों के दर इंदौर आ चुके हैं। दरअसल, कल दोपहर बेंगलुरु के अधिकारी बिजली कंपनी मुख्यालय पहुंचे और स्मार्ट मीटर के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बता दें कि मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अमित तोमर के मार्गदर्शन में स्मार्ट मीटर परियोजना के तहत प्रभावी कार्य हो रहा है। विभिन्न राज्यों से स्मार्ट मीटर अध्ययन यात्रा पर आने वाले उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को भी स्मार्ट मीटर संबंधी बारीकियों से रूबरू कराया जा रहा है।
विस्तार से ली जानकारी
इसी क्रम में कर्नाटक बिजली नियामक आयोग बेंगलुरु के सचिव वारा प्रसाद रेड्डी, तकनीकी निदेशक निवासाप्पा और उपनिदेशक उमा एचएम ने कंपनी मुख्यलय पोलोग्राउंड में स्मार्ट मीटर कंट्रोल सेंटर का भ्रमण किया। उन्हें पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के निदेशक पुनीत दुबे, कंट्रोल सेंटर प्रभारी नवीन गुप्ता आदि ने स्मार्ट मीटर, प्रीपेड व्यवस्था की तैयारी व अन्य उपयोगी जानकारी प्रदान की।
उपभोक्ताओं से लिया गया फीडबैक
बेंगलुरु के दल ने स्मार्ट मीटर योजना से उपभोक्ताओं को होने वाले फायदे, स्मार्ट मीटर स्थापना की चुनौतियों, संचार प्रणाली, उपभोक्ता संतुष्टि आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। दल को कंट्रोल सेंटर के अलावा कॉलोनियों में लगे स्मार्ट मीटर भी बताए गए। साथ ही बेंगलुरु के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से इंदौर के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से भी फीडबैक लिया गया।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

