
Indore News : मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है जिसके तहत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। अभी हाल ही में इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाला गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं आरोपी के पास से करीब 1 लाख 50 हजार रुपए की कीमत की ब्राउन शुगर जब्त की है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन प्रहार के तहत क्राईम ब्रांच टीम के द्वारा लगातार अवैध मादक पदार्थ के क्रय–विक्रय और इनकी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी निकाल कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की एक व्यक्ति हीरानगर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी करने वाला है, जिस पर क्राइम ब्रांच टीम एवं थाना हीरानगर पुलिस के द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति कनकेश्वरी मैदान में खड़ा दिखाई दिया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा व नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम अनिकेत सविता पिता राजेश निवासी चोकसे धर्मशाला के पास आदर्श विजसन नगर इंदौर का होना बताया।

आरोपी की तलाशी लेते उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) कुल 16 ग्राम (कीमत करीब 01 लाख 50 हजार रुपए) जप्त की, पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध थाना हीरा नगर पर अपराध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
