प्रेमिका के शौक पूरे करने और महंगे गिफ्ट देने के लिए मालिक की दुकान में की चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी की वजह पूछी तो आरोपी ने बताया कि अपनी प्रेमिका के महंगे शौक और उपहारों के लिए पैसों की जरूरत होने पर उसने चोरी की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
प्रेमिका के शौक पूरे करने और महंगे गिफ्ट देने के लिए मालिक की दुकान में की चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Indore police arrested thief

इंदौर की संयोगितागंज पुलिस ने एक ऐसे शातिर आशिक चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही मालिक की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।  संयोगितागंज थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर नकबजनी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई पूरी नगदी बरामद कर ली है।

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि 24 मई को फरियादी अमन अग्रवाल ने संयोगितागंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि मुराई मोहल्ला स्थित उनकी दुकान से देर रात करीब एक लाख 71 हजार रुपये नगद चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब सौ सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शक की सुई दुकान के ही कर्मचारी किर्तन सिरसाटे पर जा पहुंची।

पुलिस ने चोरी की गई पूरी रकम बरामद की 

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले भी उसी दुकान पर काम कर चुका था और उसे इस बात की पूरी जानकारी थी कि मालिक दुकान में नगदी कहां रखते हैं। वो एक बार फिर वहीं काम कर रहा था।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश रही नाकाम 

पुलिस ने चोरी की वजह पूछी तो उसने बताया कि अपनी प्रेमिका के महंगे शौक और उपहारों के लिए पैसों की जरूरत होने पर उसने चोरी की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने के बाद आरोपी अगले ही दिन सामान्य तरीके से दुकान पर काम करने पहुंच गया और पुलिस की शुरुआती पूछताछ में भी खुद को बेगुनाह बताकर गुमराह करने की कोशिश करता रहा। लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अलग-अलग पूछताछ के जरिए आखिरकार पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews