Indore- सीएम शिवराज ने फिर भरी हुंकार, कहा- मैं दुश्मनों का दुश्मन, दुर्जनों के लिए हूं वज्र से ज्यादा कठोर

mp cm shivraj singh

इंदौर, आकाश धोलपुरे। प्रदेश की आर्थिक राजधानी में सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj singh chouhan) ने एक बार फिर माफिया को चेतावनी देते हुए कहा है कि माफियाओं मध्यप्रदेश छोड़ देना, वरना शिवराज कह रहा है तबाह कर दूंगा। उन्होने कहा कि मैं समाज के दुश्मनों का दुश्मन हूँ और इन माफियाओं को जेल से निकलने नहीं दूंगा।

आज इंदौर (Indore) पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हुक्का पार्टी, ड्रग पार्टी नहीं चलेगी। मैं किसी कीमत पर अपने बच्चों का भविष्य बर्बाद नहीं होने दूंगा। इसी के साथ उन्होने कहा कि मैं मध्यप्रदेश के प्रशासन से खुलेआम कह रहा हूँ “गुंडे, बदमाश, माफिया इन्हें तबाह कर दो, मिटा दो।”

वहीं लव जेहाद कानून के संदर्भ में बोलते हुए उन्होने कहा कि मैं बेटियों की पूजा करता हूँ, उनसे ज्यादती करने वाले किसी भी कीमत पर छोड़े नहीं जाएंगे। बेटियों को बहला-फुसलाकर, लालच, भय, प्रलोभन देकर ले जाने वालों के खिलाफ कानून बना दिया है। जो बेटियों की जिंदगी बर्बाद करते हैं, उन्हें यह खेल नहीं खेलने दूंगा। इन्हें अब जेल में भेजेंगे। इसी के साथ उन्होने कहा कि मैं पत्थरबाजों के खिलाफ आजीवन कारावास का कानून बना रहा हूँ। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले सुन लो, यह हरकत किसी ने की तो उनकी संपत्ति राजसात करके भरपाई करूँगा।

सीएम ने साफ किया कि प्रदेश में अब किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होने कहा “मिलावट करने वालों सावधान हो जाओ, किसी को छोडूंगा नहीं। मैं सज्जनों के लिए फूल से ज्यादा कोमल और दुर्जनों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर हूं। मैं इस बार मुख्यमंत्री खनन माफिया, भू-माफिया, गुंडे, बदमाशों को ठीक करने के लिए ही बना हूं।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews