मीनाक्षी नटराजन के विरोध के बीच कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान, बोले- BJP तीसरा उम्मीदवार उतारेगी तो उसे जिताने की कोशिश करेंगे

कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने X पर लिखा राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी आपसे आग्रह है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार में बड़ी चूक हुई है ।आपको कई बार मैसेज किए थे कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा बड़ा सोच समझकर निर्णय लें क्योंकि यहां क्रॉस वोटिंग का खतरा है अगर दिग्विजय सिंह रिपीट होते तो सीट सेफ थी।
Kailash Vijayvargiya

Kailash Vijayvargiya

राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं, नामांकन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बंगलुरु पहुंचकर आज अपना नामांकन फॉर्म भरा, कल पवन खेड़ा भी नामांकन फॉर्म जमा करेंगे इस बीच मध्य प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है, कांग्रेस नेता ही पार्टी द्वारा घोषित की गई प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन को सही उम्मीदवार नहीं मानते और उनका विरोध कर रहे हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए 18 जून को वोटिंग होना है लेकिन इससे पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदावर मीनाक्षी नटराजन का विरोध शुरू हो गया है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से दो बार प्रत्याशी रह चुके कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने नटराजन की उम्मीदवारी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने X पर लिखा -राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी, आपको पता है कि मध्य प्रदेश में 2028 में विधानसभा चुनाव है और इस समय राज्यसभा में ऐसे को भेजना था जिसकी जमीन पर पकड़ हो और विधानसभा चुनाव जिता पाए पर आप बड़ी गलती करने जा रहे हैं, दिग्विजय सिंह के अलावा कोई नहीं चुनाव जिता सकता।

कैलाश विजयवगीय बोले, तीसरा प्रत्याशी उतरा तो उसे भी जिताएंगे 

इधर वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान ने भी सियासी पारा और बढ़ा दिया है, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी ने अभी दो उम्मीदवार घोषित किये हैं उनका जीतना निश्चित है लेकिन यदि पार्टी तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारती है तो उसे भी जिताने की पूरी कोशिश करेंगे, यानि कैलाश विजयवर्गीय का इशारा बता रहा है कि अंदरखाने में कुछ तो पक रहा है, संभव है पार्टी विपक्ष के विधायकों से संपर्क बनाये हुए हो और मौका मिलते ही प्रत्याशी घोषित कर तीसरी सीट को निकाल ले जाए।

मीनाक्षी नटराजन का कांग्रेस में ही विरोध, भाजपा ने कसा तंज 

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में  राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएँ चल रही हैं ये चर्चा प्रत्याशी घोषित होने से पहले से ही चल रही हैं ऐसे में कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी द्वारा खुलकर सोशल मीडिया पर अपने ही नेतृत्व के निर्णय को गलत बताये जाने से इस चर्चा को और बल मिला है, भाजपा ने इस पर तंज कसा है प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने X पर लिखा- राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित कांग्रेस प्रत्याशी का आंतरिक विरोध शुरू हो गया है। राज्यसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के फैसलों पर अब पार्टी के अपने नेता और कार्यकर्ता ही सवाल उठा रहे हैं। क्रॉस वोटिंग अब केवल आशंका नहीं, बल्कि उसके स्पष्ट संकेत दिखाई देने लगे हैं।

मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीट पर हो रहा चुनाव 

मतदान में अभी बहुत दिन हैं 18 जून को वोट डाले जायेंगे, भाजपा ने राज्यसभा के लिए मध्य प्रदेश से तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है जिनका जीतना तय माना जा रहा है, अब देखना ये होगा कि दिग्विजय सिंह की खाली हुई सीट पर प्रत्याशी बनाई गई मीनाक्षी नटराजन को उनकी पार्टी का साथ मिलता है या फिर अंतिम समय में कोई बड़ा खेला होता है, बहरहाल लोकसभा और विधानसभा चुनव में हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के लिए अब राज्यसभा चुनाव में पार्टी की सीट बचाना प्रतिष्ठा बचाने जैसा हो गया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews