पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण के पोस्टर हटाने पर विवाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सड़क पर बैठे

पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण के पोस्टर हटाने पर विवाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सड़क पर बैठे

Indore News : इंदौर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा से पहले नगर निगम द्वारा उनके पोस्टर हटा दिए जाने से कांग्रेस भड़क गई, कांग्रेस नेताओं ने इसकी निंदा करते हुए नगर निगम के कृत्य को धर्म का अपमान बताया है। नगर निगम की कार्यवाही से नाराज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृपा शंकर शुक्ला बीच सड़क पर कुर्सी डाल कर बैठ गए, वहीँ विधायक संजय शुक्ला ने भाजपा को निशाने पर लिया।

इंदौर के दलालबाग क्षेत्र में 24 नवंबर से पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा होने वाली है। आज बुधवार शाम को कथा से पूर्व शोभायात्रा निकाली जाएगी, कथा और शोभा यात्रा के अभिनंदन के लिए दलालबाग क्षेत्र के आसपास पोस्टर लगे हैं। जिसे बुधवार को नगर निगम की टीम ने हटा दिया, पोस्टर हटते ही कांग्रेस ने इसका विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नगर निगम की कार्यवाही को बताया निंदनीय

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाये कि नगर निगम के कर्मचारियों ने पोस्टरों को हटाया ही साथ ही उन्हें फाड़ कर धर्म का  अपमान भी किया, इतना ही नहीं शोभायात्रा के स्वागत के लिए लगाए गए भगवा ध्वज भी हटा दिए गए जो निंदनीय है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निगम कर्मचारियों से निवेदन भी किया गया कि शोभायात्रा तक पोस्टर लगे रहने दे इसके बाद वे खुद ही पोस्टर हटा लेंगे लेकिन वे नहीं माने।

विधायक संजय शुक्ला ने भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के धार्मिक आयोजनों से भाजपा में खलबली है, वो घबराई है इसलिए दबाव बनाकर नगर निगम से कार्यवाही करवाई गई है, विधायक शुक्ला ने कहा कि नगर निगम के माध्यम से इस पंडित प्रदीप मिश्रा की भव्य कथा को असफल करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन  ऐसी कोशिश कभी सफल नहीं हो सकती है।

वरिष्ठ नेता कुर्सी लगाकर सड़क पर बैठे

उधर घटना के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृपाशंकर शुक्ला पल्हर नगर चौराहे पर बीच सड़क कुर्सी लगाकर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं के साथ धरने पर बैठे वरिष्ठ नेता ने नगर निगम के अधिकारी को फोन पर कहा कि कमिश्नर प्रतिभा पाल से बात कीजिये, हमसे किराया ले लीजिये, हम ज्यादा किराया भी दे देंगे लेकिन धर्म का अपमान तो नहीं कीजिये।

[dgv_vimeo_video id=”774149071″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews