
Indore News : जल एवं तालाब संरक्षण समिति और इंदौर प्रेस क्लब द्वारा संयुक्त रूप से ‘सृजन से विसर्जन अभियान’ के तहत नि:शुल्क माटी गणेश निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मीडिया साथियों के बच्चों और परिजन ने हिस्सा लिया। बता दें कि कार्यक्रम का आयोजन इंदौर प्रेस क्लब सभागार में किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और अन्य लोगों ने माटी से गणेश जी बनाना सीखा।
इंदौर को नंबर 1 बनाने का संकल्प
इस अवसर पर संकल्प लिया गया कि माटी गणेश की स्थापना के मामले में इंदौर को नंबर 1 बनाएंगे। अभियान की शुरुआत में इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने जल एवं तालाब संरक्षण समिति के प्रयासों की तारीफ की और कहा कि माटी के गणेश के सृजन से लेकर विसर्जन से नदियों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी।
साल 2014 से दिया जा रहा प्रशिक्षण
वहीं, समिति की सचिव और कार्यशाला की संयोजक मेघा बर्वे ने बताया कि साल 2014 से प्रतिवर्ष माटी के गणेश बनाने का नि:शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसमें हर उम्र के लोग शामिल होते हैं। स्कूल-कॉलेजों, रहवासी संघों के साथ यह अभियान चलता आ रहा है। हर वर्ष इस तरह की करीब 36 कार्यशाला आयोजित की जा रही है। प्रेस क्लब में आयोजित कार्यशाला में बिंदु मेहता ने प्रशिक्षण दिया।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

