इंदौर: शहर के एमआईजी थाना क्षेत्र में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अकील शेख की एक दिन की पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है, जिसके बाद उसे दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह मामला एक विदेशी खिलाड़ी की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण इंदौर पुलिस इसे पूरी गंभीरता से ले रही है। वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जांच की निगरानी कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ी एमआईजी थाना क्षेत्र में स्थित एक कैफे जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार आरोपी अकील शेख ने उनके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
विदेशी नागरिक से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई की। शिकायत मिलते ही एमआईजी थाने में छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की पहचान अकील शेख के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
आज फिर कोर्ट में पेशी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड हासिल की थी। यह रिमांड अवधि आज पूरी हो गई है। पुलिस आज फिर से अकील को कोर्ट में पेश करेगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया को पूरा करेगी। इस मामले में पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट






