Indore News: कीचड़ से भरी सड़क पर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता, 5 दिन का अल्टीमेटम- सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन

बॉम्बे हॉस्पिटल की सर्विस रोड पर कीचड़ के बीच कांग्रेस का प्रदर्शन; चिंटू चौकसे का आरोप- दो साल पहले ड्रेनेज के लिए खोदी गई सड़क अब तक नहीं बनी
indore protest

इंदौर। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस नेता बुधवार को बॉम्बे हॉस्पिटल के पास कीचड़ से भरी सर्विस रोड पर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेस ने नगर निगम को पांच दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि शहर की खस्ताहाल सर्विस रोड पर काम शुरू नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

चिंटू चौकसे ने पहले ही बॉम्बे हॉस्पिटल की सर्विस रोड के कीचड़ में बैठकर विरोध जताने की घोषणा की थी। इसके बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कीचड़ के बीच बैठकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का आरोप- दो साल पहले खोदी सड़क, अब तक नहीं बनी

चौकसे ने आरोप लगाया कि करीब दो साल पहले नगर निगम ने ड्रेनेज लाइन डालने के लिए इस सड़क को खोदा था, लेकिन इसके बाद सड़क का निर्माण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क कागजों में बन रही है, जबकि हकीकत में यहां से निकलने वाले हजारों लोगों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस सर्विस रोड के आसपास बहुमंजिला इमारतें और कॉलोनियां हैं। यहां रहने वाले लोगों को रोज इसी बदहाल रास्ते से गुजरना पड़ता है। कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन फिसलने और लोगों के घायल होने का भी खतरा बना रहता है।

चौकसे बोले- चार साल हो गए, अब तो महापौर जनता की समस्या देखें

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर निगम और महापौर को घेरते हुए कहा कि मौजूदा परिषद के कार्यकाल के चार साल हो चुके हैं। अब कम से कम महापौर को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क की स्थिति ऐसी ही रही तो आसपास रहने वाले और यहां से गुजरने वाले लोग आखिर आवागमन कैसे करेंगे।

कांग्रेस ने दावा किया कि समस्या केवल बॉम्बे हॉस्पिटल की सर्विस रोड तक सीमित नहीं है। मुसाखेड़ी, आईटी पार्क चौराहा, अरविंदो हॉस्पिटल चौराहा और रिंग रोड सहित शहर के कई इलाकों में सड़कों और सर्विस रोड की हालत खराब है।

पांच दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

चौकसे ने नगर निगम को पांच दिन में इन स्थानों पर सर्विस रोड सुधारने और निर्माण का काम शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में काम शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस शहर की सड़कों के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में पार्षद राजू भदौरिया, राजा चौकसे, गोविंद परिहार, राहुल धाकरे, लोकेश हाड़िया, हरिओम शर्मा सहित स्थानीय रहवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews