
Indore News : मध्य प्रदेश की इंदौर क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग और डेटिंग एप्स के जरिए धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से सात मंदसौर जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी बिहार का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल, सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दरअसल, मामला कनाडिया थाना क्षेत्र के मानवता नगर का है, जब पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
ये चीजें हुई बरामद
मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश देने के लिए टीम का गठन किया गया और तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की गई। इस दौरान आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 6 लैपटॉप, 29 मोबाइल फोन और तेरह बैंक खातों की पासबुक जब्त की गई है।
एडिशनल डीसीपी ने दी ये जानकारी
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि “रॉक हार्ड” नाम की वेबसाइट के जरिए लोगों को फंसाया जाता था। यह गिरोह टेलीग्राम ग्रुप के जरिए लोगों को जोड़ता था और आईडी और पासवर्ड देकर गेमिंग पोर्टल पर पैसा निवेश करवाता था। प्रत्येक बैंक खाते में 1 लाख रुपये जमा होने के बाद रकम को आगे ट्रांसफर कर दिया जाता था। गिरोह के पास से “दुबई मनी एक्सचेंज” से जुड़े कुछ नंबर भी मिले हैं।
[dgv_vimeo_video id=”1039195645″]
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, राजेश दंडोतिया ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन गेमिंग एप्स और धोखाधड़ी वाली वेबसाइटों पर निवेश करने से बचें। यदि ऐसी कोई घटना उनके साथ या उनके आसपास होती है, तो वे तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें। फिलहाल, पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल में मौजूद डेटा की जांच-पड़ताल कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोग भी जल्द ही गिरफ्तार होंगे।
इंदौर, शकील अंसारी
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

