इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले फरार आरोपी को किया गिरफ्तार, पढ़ें खबर

इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार कुख्यात आरोपी शाहिद उर्फ 'नाइट्रा' को गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Indore

इंदौर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। आए दिन अवैध नशीले पदार्थ जब्त एवं तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है। इसी बीच, गुरुवार को इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच की टीम ने एमडी ड्रग्स तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी शाहिद उर्फ ‘नाइट्रा’ को गिरफ्तार किया है।

बता दें कि आरोपी पहले से ही 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामदगी के एक मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस टीम पर झपट्टा मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार

इस मामले की जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी शाहिद उर्फ नाइट्रा खुद भी एमडी ड्रग्स का आदी है और शहर में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की सप्लाई करने में सक्रिय रहा है। लगातार उसके खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। जिसके बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुई थी। तभी मुखबिर से मिली सूचना के बाद हमारी टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा होने के संकेत मिले हैं। आशंका है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शहर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहा था।

आरोपी से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान उससे ड्रग्स की सप्लाई चेन, उसके सहयोगियों, मादक पदार्थ के स्रोत तथा शहर में सक्रिय अन्य तस्करों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews