जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है और शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी गई। अंतिम सूची के अनुसार, जिले में अब कुल 24,86,996 मतदाता दर्ज हैं।
जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इन मतदाताओं में 12,52,332 पुरुष, 12,34,569 महिला और 95 अन्य (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं। इस पुनरीक्षण के बाद जिले का समग्र जेंडर रेश्यो 986 दर्ज किया गया है, जो चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी को दर्शाता है। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
दावे-आपत्तियों के निपटारे के बाद बढ़ी संख्या
अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका निपटारा किया गया। 23 दिसंबर को प्रकाशित प्रारूप सूची में जिले में 24,20,171 मतदाता थे। पुनरीक्षण के बाद यह संख्या बढ़ी है।
पुनरीक्षण अवधि के दौरान नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के कुल 79,660 आवेदन मिले, जिनमें से 71,114 को मंजूरी दी गई। वहीं, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के 6,796 आवेदनों में से 5,959 स्वीकृत हुए। इसी तरह, मतदाता सूची में सुधार के लिए फॉर्म-8 के 54,928 आवेदनों में से 49,396 को स्वीकार किया गया। कुल मिलाकर 1.41 लाख आवेदनों में से 1.26 लाख से अधिक आवेदनों को स्वीकार करते हुए सूची को अंतिम रूप दिया गया।
विधानसभावार मतदाताओं की स्थिति
जिले की 9 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:
- देपालपुर: 2,55,354
- इंदौर-1: 3,11,268
- इंदौर-2: 2,89,962
- इंदौर-3: 1,54,131
- इंदौर-4: 2,18,147
- इंदौर-5: 3,52,849
- डॉ. अंबेडकर नगर (महू): 2,66,115
- राऊ: 3,38,544
- सांवेर: 3,00,626
बैठक के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, समयबद्धता और प्राप्त दावों व आपत्तियों के निष्पक्ष निराकरण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने सभी दलों को आश्वस्त किया कि पूरी प्रक्रिया को नियमों के तहत पूरा किया गया है।






