इंदौर: दीपावली के त्योहार से पहले इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष निरीक्षण एवं सैंपल एकत्रित की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी बीच, गुरुवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी, दुग्ध उत्पाद, मिठाई, नमकीन एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण से संबंधित इकाइयों का निरीक्षण किया।

जानकारी अनुसार, गुरुवार को हुई कार्रवाई में कुल 5 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 12 खाद्य नमूने जांच के लिये गये हैं। ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी में मावे के निर्माण में मिलावट की आशंका एवं खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु उपयुक्त श्रेणी का पंजीयन नहीं दे सके, जिसके बाद खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।

साथ ही, मौके से लगभग 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त ग्राम पालदा स्थित मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर आवश्यक सुधार हेतु नोटिस जारी किया जा रहा है।

श्री श्याम फूड एजेंसी पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

खाद्य विभाग के अनुसार, ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी के निरीक्षण के दौरान दूध से फैट निकालकर उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। परिसर में वनस्पति तेल भी मिला। मौके की परिस्थितियों के आधार पर मावे में मिलावट की आशंका जताई गई। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए उपयुक्त श्रेणी का पंजीयन भी उपलब्ध नहीं पाया गया।

इसके बाद खाद्य सुरक्षा दल ने मौके से मीठे मावे के 2, वनस्पति का 1, सूजी का 1 और स्किम्ड मिल्क पाउडर सैंपल लिया। इसके साथ ही करीब 298 किलोग्राम मावा, 28 किलोग्राम वनस्पति और 15 किलोग्राम सूजी सहित कुल 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये है।

घी और बटर के भी नमूने लिये गये

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नेमावर रोड स्थित विनायक फूड एंड डेयरी इंडस्ट्रीज का भी निरीक्षण लिया। जहां से लूज घी का एक सैंपल लिया। इसी तरह ग्राम धुलेट, नेमावर रोड स्थित अग्नि डेयरी इंडस्ट्रीज से अग्नि घी, सपोरा घी और लूज बटर के कुल 3 नमूने जांच के लिए लिये गये। दोनों प्रतिष्ठानों से लिये गये सैंपलों को जांच के लिये प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सोनपापड़ी निर्माण इकाई में भी मिलीं कमियां

खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री कुंज इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। इस दौरान सोनपापड़ी का निर्माण और पैकिंग किया जाना पाया गया। खाद्य सुरक्षा दल ने यहां से सोनपापड़ी का एक सैंपल लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर में पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिला। खाद्य पदार्थों को पैलेट पर रखकर भंडारित नहीं किया जा रहा था। कर्मचारियों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं पाये गये। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी नियमों के विपरीत मिली। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है।

मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स में मिली कई खामियां

इसके बाद खाद्य विभाग ने ग्राम पालदा स्थित मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स के निरीक्षण किया। जहां खाद्य पदार्थों के भंडारण और उत्पादन क्षेत्र में कई खामियां सामने आईं। इतना ही नहीं स्टोरेज एरिया में कच्चे खाद्य पदार्थों का भंडारण खराब स्थिति में पाया गया और खाद्य सामग्री रखने के लिए पैलेट्स का उपयोग नहीं किया जा रहा था।

इसके अलावा, उत्पादन क्षेत्र में जाले मिले और अस्वच्छ परिस्थितियों में चॉकलेट कॉन्स का निर्माण किया जा रहा था। जेली निर्माण क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी के साथ नाली में पानी और गंदगी जमा मिली। उत्पादन क्षेत्र में ही शौचालय भी पाया गया। इसके अलावा निर्यात के लिए तैयार किए जा रहे चॉकलेट कॉन्स के लेबल अपूर्ण मिले। खाद्य सुरक्षा दल ने यहां से जेली के 2 सैंपल लिये। निरीक्षण में मिली कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है।

त्योहार के दौरान खाद्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया जा रहा है कि खाद्य पदार्थों का निर्माण स्वच्छ एवं सुरक्षित परिस्थितियों में करें, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें तथा खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न करें।

वहीं निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, निर्माण स्थल एवं उपकरणों की नियमित सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता, कीट नियंत्रण तथा खाद्य पदार्थों को बाहरी संदूषण से सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संग्रहित खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट