गणेशोत्सव को लेकर इंदौर नगर निगम की बैठक, जुलूस से लेकर झांकी तक की तैयारियों पर चर्चा

इंदौर नगर निगम में गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें भव्य जुलूस, आकर्षक झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
गणेशोत्सव को लेकर इंदौर नगर निगम की बैठक, जुलूस से लेकर झांकी तक की तैयारियों पर चर्चा

इंदौर में इस बार गणेशोत्सव को खास और भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी सिलसिले में नगर निगम मुख्यालय के महापौर सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सामान्य प्रशासन विभाग और श्री गणेश उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुई, जिसमें उत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने की। इस दौरान गणेश स्थापना से लेकर अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह तक की सभी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में समिति के सदस्यों ने तय किया कि हर साल की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार भी राजबाड़ा से लेकर नगर निगम प्रांगण तक भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ भव्य जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को और आकर्षक बनाने के लिए कई सुझाव लिए गए। जुलूस में मनमोहक झांकी, पारंपरिक बैंड-बाजे और आर्केस्ट्रा की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही अनंत चतुर्दशी पर शहर में निकलने वाले मुख्य चल समारोह के दौरान नगर निगम की झांकी के निर्माण और उससे जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी सदस्यों ने अपने विचार रखे।

नगर निगम में होगी पूजा और महाआरती

समिति के प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान नगर निगम प्रांगण में रोजाना विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को सुचारू रूप से कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। इसके अलावा, नगर निगम प्रांगण में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। समिति के सदस्यों ने उत्सव को और अधिक जीवंत और आकर्षक बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।

मेधावी बच्चों के सम्मान पर भी चर्चा

इस बैठक में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। बैठक के दौरान नगर निगम कर्मचारियों के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष योजना पर विचार किया गया। इसके तहत जिन कर्मचारियों के बच्चों ने परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन कर मेधावी स्थान हासिल किया है, उनके सम्मान में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में शहर के कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से पार्षद भावना चौधरी, पार्षद संगीता महेश जोशी, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, सचिव राजेंद्र गैरोठिया और अधीक्षक प्रदीप दुबे शामिल हुए। इनके साथ कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी महेश गौहर, बाबूलाल सिरसिया सहित अन्य सदस्य और अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। सभी ने गणेशोत्सव को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews