इंदौर में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक इन यात्रियों को अब सफर करने के लिए क्यूआर कोड वाला टिकट मिलेगा। इस टिकट के जरिए ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम वाले बैरियर पर स्कैन करने के बाद प्रवेश मिलेगा। सुपर कॉरिडोर से लेकर रेडिसन चौराहा तक मेट्रो रूट पर लगभग 16 स्टेशन बने हैं और सभी पर यह सिस्टम तैयार किया जा चुका है।
इस नए सिस्टम का सीएमआरएस की जूनियर टीम द्वारा निरीक्षण कर लिया गया है आने वाले दिनों में जैसे ही मेट्रो के इस हिस्से का संचालन शुरू होगा यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी। जुलाई के महीने तक मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को स्मार्ट कार्ड दिए जाने पर भी काम चल रहा है। इस कार्ड में रिचार्ज करवा कर यात्री मेट्रो के सफर का किराया दे सकेंगे।
दिए जा रहे हैं पर्ची वाले टिकट
सुपर कॉरिडोर के 5.9 किमी हिस्से पर जब मेट्रो का संचालन किया जा रहा था तब यात्रियों को पर्ची वाले टिकट दिए जा रहे थे। तुर्किये की एक कंपनी द्वारा पहले ऑटोमेटिक फेयर सिस्टम लगाया जाने वाला था लेकिन यह नहीं हो पाया। अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा सभी मेट्रो स्टेशन पर सिस्टम को लगाकर सुविधा शुरू की जाएगी।
तैयार हुआ मेट्रो का प्रवेश गेट
विजयनगर मेट्रो स्टेशन पहुंचने के लिए थाने के पास जो प्रवेश गेट बनाया जा रहा था वह तैयार हो गया है। बीते दिन सीएमआरएस की जूनियर टीम की ओर से इसका भी निरीक्षण किया गया। जब इस हिस्से से मेट्रो का संचालन शुरू होगा तब यात्रियों को दो प्रवेश मार्ग से स्टेशन पर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
डबल डेकर का हो रहा निर्माण
लवकुश चौराहा पर डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण IDA द्वारा निर्धारित की गई एजेंसी की ओर से किया जा रहा है। यह फ्लाईओवर मेट्रो के ऊपर से निकल रहा है। ऐसे में निर्माण एजेंसी और मेट्रो के बीच एमओयू किया जाएगा। जब मेट्रो का संचालन लवकुश चौराहा पर शुरू किया जाएगा तब फ्लाईओवर पर गर्डर लगाने के लिए निर्माण एजेंसी को मेट्रो के साथ बातचीत कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाना होगा। इस दौरान लव कुश चौराहा से मेट्रो का संचालन बंद रखा जाएगा।






