Hindi News

आज IPL 2026 में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला, यहां जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन है आगे

Written by:Rishabh Namdev
Published:
IPL 2026 में अजेय चल रही पंजाब किंग्स का मुकाबला आज सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। दरअसल यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।
आज IPL 2026 में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला, यहां जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन है आगे

न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज IPL का मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल इस मैच में पंजाब किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। बता दें कि मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा और दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। दरअसल आईपीएल के इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच अब तक 24 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है, जिसने 17 मैच जीते हैं। वहीं पंजाब किंग्स को 7 मुकाबलों में जीत मिली है। हालांकि मौजूदा सीजन में पंजाब की फॉर्म काफी बेहतर नजर आ रही है और टीम इस रिकॉर्ड को सुधारने की कोशिश करेगी।

वहीं आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन अब तक मजबूत रहा है। टीम ने शुरुआती तीन मैचों में से दो में जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। इस प्रदर्शन के दम पर टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। पंजाब ने अपने अभियान की शुरुआत गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत से की थी और इसके बाद भी टीम ने संतुलित खेल दिखाया है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसके कारण वह अब तक अजेय बनी हुई है।

कैसा रहा इस सीजन प्रदर्शन?

दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन इस सीजन में मिला-जुला रहा है। टीम ने तीन मैचों में से एक में जीत दर्ज की है, जबकि दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के बल्लेबाजों ने कुछ मैचों में आक्रामक शुरुआत दी, लेकिन डेथ ओवर्स में गेंदबाजी कमजोर रहने के कारण टीम को नुकसान उठाना पड़ा।

महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच आमतौर पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद देती है। नई गेंद से गेंदबाजों को स्विंग और उछाल मिल सकता है। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो जाती है और रन बनाना आसान हो जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम लक्ष्य का पीछा करना पसंद कर सकती है।

पंजाब किंग्स को घरेलू मैदान का फायदा मिलने की उम्मीद

पंजाब किंग्स को इस मुकाबले में अपने घरेलू मैदान का फायदा मिलने की उम्मीद है। टीम पिछले कई दिनों से इसी मैदान पर अभ्यास कर रही है, जिससे खिलाड़ियों को पिच और परिस्थितियों की बेहतर समझ मिल गई है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम हाल ही में चंडीगढ़ पहुंची है और उन्हें अभ्यास के लिए ज्यादा समय नहीं मिला है।

इस मुकाबले को लेकर प्रशंसकों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर सभी की नजरें रहेंगी। दोनों खिलाड़ी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में न्यू चंडीगढ़ में आज दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews