MP में जापानी बुखार से बचाव के लिए चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान, इन जिलों को पीछे छोड़ इंदौर बना नंबर-1

Japanese fever

MP News: मध्य प्रदेश में जापानी बुखार को लेकर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत दूसरे चरण में प्रदेश के चार जिलों में  टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें राजधानी भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और सागर जिले शामिल हैं। वहीं इस टीकाकरण अभियान में इंदौर जिला ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है।

टीकाकरण अभियान में इंदौर नंबर-1

जापानी बुखार से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में इंदौर तीनों जिलों को पीछे छोड़ नंबर-1 स्थान पर कब्जा कर लिया है। इंदौर जिले में अन्य तीनों जिलों सागर, भोपाल और नर्मदापुरम की अपेक्षा सबसे ज्यादा बच्चों को टीका लगाया गया है। वहीं पहले चरण में प्रदेश के दो जिले विदिशा और रायसेन में अभियान चलाया गया था।

15 वर्ष तक के बच्चों को लगाया जा रहा टीका

मध्य प्रदेश में जापानी बुखार से बचाव के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में 15 साल तक के बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। इस अभियान के दूसरे चरण की शुरूआत 27 फरवरी को हुई, जिसमें 26 मार्च तक चारों जिले में सबसे ज्यादा इंदौर में 1,17,081 बच्चों को टीका लगाया गया। वहीं सागर जिले में 89,861 बच्चों को, राजधानी भोपाल में 72,039 बच्चों को और नर्मदापुरम जिले में 71,856 बच्चों को टीका लगाया गया है।

जिला टीकाकरण अधिकारी ने कही यह बात

टीकाकरण अभियान को लेकर इंदौर जिला टीकाकरण अधिकारी तरुण गुप्ता का कहना है कि इंदौर जिले में 12.24 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 1.17 लाख बच्चों को टीका लगाया जा चुका है। इस अभियान में आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य शिविर केंद्रों की मदद ली जा रही है। वहीं बहुत जल्द स्कूलों की मदद से लक्ष्य को पूरा करेंगे। उनका कहना है कि जापानी बुखार मच्छरों के काटने से फैलता है। यह टीका बच्चों को 12 बीमारियों से राहत दिलाता है। इस अभियान में मंगलवार और शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्रों में 5 हजार से ज्यादा बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews