इंदौर में सोमवार तड़के कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा सीक्रेट ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और छह थानों की पुलिस टीम ने अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन की कमान खुद पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के हाथ में थी। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, ताकि किसी को पहले से भनक न लग सके।
लेडी ड्रग माफिया को हिरासत में लिया
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सबसे पहले द्वारकापुरी इलाके में रहने वाली अलका दीक्षित को हिरासत में लिया। उसे गुप्त स्थान पर ले जाकर पूछताछ की गई।
इसके बाद पुलिस की दूसरी टीम ने अलका के बेटे जयदीप को अहिरखेड़ी इलाके से पकड़ा। दोनों से ड्रग्स नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
इंटेलिजेंस शाखा के पुलिसकर्मी के घर भी छापा
ऑपरेशन के दौरान एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया की टीम ने प्रधान आरक्षक विनोद के घर पर भी छापा मारा। विनोद पहले लंबे समय तक क्राइम ब्रांच में पदस्थ रह चुका है और फिलहाल इंटेलिजेंस शाखा में तैनात बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके घर से मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान परिवार वालों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस टीम जांच में जुटी रही।
अलग-अलग जगहों पर हुई पूछताछ
पुलिस ने सभी संदिग्धों से अलग-अलग स्थानों पर पूछताछ की। पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय रखा गया था। जानकारी के मुताबिक छापेमारी करने वाली टीम को भी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई थी। पूरे ऑपरेशन की निगरानी पुलिस कमिश्नर और एडिशनल पुलिस कमिश्नर लगातार कर रहे थे।
पीथमपुर तक पहुंची पुलिस टीम
रात में ही पुलिस की एक टीम पीथमपुर भी भेजी गई। वहां से भी कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि इन लोगों का संबंध ड्रग्स कारोबार से हो सकता है। फिलहाल उनसे खजराना थाना क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है।
ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा एक्शन माना जा रहा
इंदौर पुलिस का यह सीक्रेट ऑपरेशन शहर में ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पिछले कुछ समय से पुलिस लगातार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर नजर बनाए हुए थी। अब इस कार्रवाई के बाद कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
शहर में बढ़ रही थी चिंता
इंदौर में पिछले कुछ समय से ड्रग्स से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही थी। युवाओं में नशे की लत को लेकर भी चिंता बढ़ रही थी। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है। लोगों का कहना है कि ड्रग्स कारोबार पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस जब्त किए गए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।






