
Indore News : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में नशे का कारोबार तेजी से अपने पैर पसार रहा है। शहरी क्षेत्र में आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती थी, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्र से भी ऐसी खबरों ने तहलका मचा रखा है। पुलिस द्वारा बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई भी की जाती है। इसके बावजूद, तस्कर पुलिस को खुलेआम चुनौती देते हुए नजर आ रहे हैं। जिसका एक ताजा मामला हाल ही सामने आया है, जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीमेंट बल्कर ट्रक में तस्करी की जा रही 290 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।
फिलहाल, पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सांवेर का मामला
दरअसल, मामला ग्रामीण क्षेत्र के सांवेर थाना क्षेत्र का है। जब पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि क्षिप्रा-सांवेर रोड पर एक सीमेंट बल्कर ट्रक के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया गया और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान चलाई गई। इस दौरान ट्रक को रोककर जांच की गई तो ऊपर से ढक्कन हटाने पर उसमें अवैध अंग्रेजी शराब की 290 पेटियां पाई गई।
पूछताछ जारी
पुलिस की पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि शराब हरियाणा के अंबाला से लाई जा रही थी। वहीं, चालक शराब और वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक और शराब को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
ग्रामीण एसपी ने दी ये जानकारी
ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि ट्रक चालक की पहचान कोहलाराम उर्फ कमलेश जाट के रुप में की गई है, जोकि राजस्थान का रहने वाला है। फिलहाल, मामले में जांच-पड़ताल जारी है।
[dgv_vimeo_video id=”1030273695″]
इंदौर, शकील अंसारी
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

