अभी मई का महीना शुरू भी नहीं हुआ है और मध्य प्रदेश आग की तरह तपने लगा है। कई जिलों में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। दिन में आग बरसाती तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाएं गर्मी का प्रचंड रिकार्ड तोड़ने लगी है। इस झुलसा देने वाली गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी बीच, इंदौर में भी भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है जिसको देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इंदौर में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है।
बता दें कि एक तरफ जहां इंदौर प्रशासन ने जिले के स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। तो वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसनी ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है और दोपहर के समय शरीर को ढांककर निकलने और बार बार पानी और जूस पीने की सलाह दी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी की गई एडवाइजरी को लेकर मीडिया को बताया कि आईडीएसपी शाखा के माध्यम से पहले भी सभी चिकित्सा संस्थानों को लिखित निर्देश जारी किए जा चुके हैं और समय-समय पर आम जनता को भी जागरूक किया गया है।
तेज गर्मी और लू के खतरे से बचने लिए बरतें ये सावधानियां
- डॉ. हसनी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से दोपहर 12 बजे के बाद धूप में बाहर निकलने से बचें। यदि कुछ महत्वपूर्ण काम है और जाना जरूरी है तो हल्के रंग के कपड़े पहनें, सिर का ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें ताकि डिहाइड्रेशन की स्थिति न बने।
- अगर तेज धूप में बाहर से घर लौट रहे हैं तो सबसे पहले कुछ देर आराम करें। इसके बाद ठंडे पानी से नहाएं या किसी कपड़े को ठंडे पानी में भिगोकर अपना शरीर पोछें। गर्मी से थके हुए शरीर को आराम देना बहुत जरूरी है। इसके बाद आसानी से पचने वाला और हल्का भोजन करें।
- इसके अलावा डॉ. हासानी ने उन्होंने चेतावनी दी कि लू यानि हीट स्ट्रोक लगने पर शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है और समय पर इलाज न मिलने पर किडनी डैमेज जैसी गंभीर स्थिति भी बन सकती है।
- स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को नारियल पानी, सादा पानी और फलों के रस का अधिक सेवन करने की सलाह दी है।
- प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के इस दौर में सतर्क रहें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।





