इंदौर का 90% जल दूषित: जीतू पटवारी का आरोप, कहा “ट्रिपल इंजन की सरकार जनता को पिला रही जहरीला पानी”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा कराए गए वाटर ऑडिट में इंदौर का लगभग नब्बे प्रतिशत पानी दूषित पाया गया है और कई इलाकों में सीवरेज युक्त पानी सप्लाई हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार, अव्यवस्थित विकास और जल संकट को लेकर सवाल उठाए और पूरे शहर का स्वतंत्र वाटर ऑडिट कराने की मांग की है।
Jitu Patwari Indore

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद इंदौर शहर जल संकट, दूषित पेयजल, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थित विकास की समस्याओं से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास और बेहतर सुविधाओं के नाम पर जनता से वादे किए थे लेकिन आज इंदौर के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस द्वारा कराए गए वाटर ऑडिट में इंदौर शहर का लगभग 90 प्रतिशत पानी दूषित पाया गया है और कई इलाकों में सीवरेज युक्त काला पानी सप्लाई हो रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रदेश महासचिव संजीव सक्सेना और प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया भी मौजूद रहे।

इंदौर में 90 प्रतिशत पानी पीने योग्य नहीं: कांग्रेस का आरोप 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस ने इंदौर की सात विधानसभाओं से 240 पानी के सैंपल लेकर देश की प्रतिष्ठित लैब में परीक्षण कराया। रिपोर्ट में अधिकांश क्षेत्रों का नर्मदा पेयजल संक्रमित पाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर शहर का लगभग 90 प्रतिशत पानी पीने योग्य नहीं रह गया है और जनता अनजाने में ज़हरीला पानी पीने को मजबूर है। जीतू पटवारी ने भगीरथपुरा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि दूषित पानी के कारण 36 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही ही नहीं, बल्कि जनता के जीवन के साथ अपराध बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम और भाजपा जनप्रतिनिधियों को समय रहते पानी की गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए थी, लेकिन किसी ने जिम्मेदारी नहीं निभाई।

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा तैयार वाटर ऑडिट रिपोर्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और सांसद शंकर लालवानी को सौंपी जाएगी। उन्होंने सरकार से पूरे इंदौर शहर का स्वतंत्र वाटर ऑडिट दोबारा कराने की मांग भी की।

नगर निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में आज तक किसी बड़े अधिकारी या जनप्रतिनिधि पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार विकास नहीं, बल्कि “इवेंट मैनेजमेंट और प्रचार की राजनीति” कर रही है। उन्होंने भोपाल से लाए गए जहरीले कचरे को पीथमपुर में जलाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि इस कचरे के प्रभाव से जल स्रोत प्रभावित हो सकते हैं और इसका असर यशवंत सागर के कैचमेंट एरिया तक पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा जीतू पटवारी ने इंदौर के सूखते तालाबों, गिरते भूजल स्तर, फेल हो रहे वाटर रिचार्ज सिस्टम और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हो रही तोड़फोड़ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिए बिना कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना मास्टर प्लान के शहर विकास का दावा कर रही है और अब जनता तय करेगी कि यह विकास है या विनाश।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews