
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज से मध्य प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान शुरू हो गया है, आज से ही अस्पतालों में साफ सफाई का विशेष अभियान भी शुरू किया गया है, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर पहुंचकर इसका शुभारंभ किया, उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से, जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान को सफल बनाना हम सबका दायित्व है।
इंदौर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। उन्होंने इस दौरान नगर निगम इंदौर के ई-वेस्ट कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को प्रदेश में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के रूप में मनाया जा रहा है।
वर्ष में 100 घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने की अपील
मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमवाय हॉस्पिटल के अंदर और बाहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार हर तरह की मदद देगी। मुख्यमंत्री ने उपस्थिति नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छता के प्रति सजग रहकर सप्ताह में 2 घंटे और वर्ष में 100 घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने की सभी से अपील की। उन्होंने नागरिकों का आहवान किया कि न तो गंदगी करें और न होने दें। “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के लाँचिंग लोगो का विमोचन भी किया।
स्वच्छता अभियान को सफल बनाना हम सबका दायित्व
सीएम ने कहा मध्य प्रदेश में “सेवा पखवाड़ा” जनसेवा के संकल्प को साकार करेगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से, जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान को सफल बनाना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता का महाअभियान सतत रूप से चले, इसके लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। चिकित्सालयों को स्वच्छ बनाने में सभी अपना अमूल्य योगदान अवश्य दें।
शहर में जगह जगह रखे गए ड्राप बॉक्स
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि ई-वेस्ट आज के समय में सबसे गंभीर प्रदूषण कारक अपशिष्ट है, जिसका निपटान यदि वैज्ञानिक पद्धति से न किया जाए, तो यह पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। नगर निगम इन्दौर द्वारा शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तहत ई-वेस्ट संग्रहण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस विशेष अभियान के प्रथम चरण में निगम मुख्यालय, नेहरु पार्क स्थित इंदौर स्मार्ट सिटी ऑफिस में ई-वेस्ट ड्रॉप बॉक्स स्थापित किए गए हैं। इन ड्रॉप बॉक्स में निगम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने घर अथवा कार्यालय से निकलने वाले अनुपयोगी एवं खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे – मोबाइल, चार्जर, पंखे, कंप्यूटर पार्ट्स, बैटरी, टीवी, रिमोट इत्यादि जमा करेंगे।
ये लगातार जारी रहने वाला विशेष अभियान है
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर लगातार जारी रहने वाला विशेष अभियान है। अभियान के आगामी चरणों में नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में चिन्हित स्थानों पर ई-वेस्ट ड्रॉप बॉक्स रखे जाएंगे, जहाँ नागरिक अपने अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कर सकेंगे। साथ ही नगर निगम द्वारा घर- घर से भी वेस्ट कलेक्शन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अभियान में अपने घर, दुकान एवं कार्यालयों से निकलने वाले पुराने एवं खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निर्धारित स्थानों पर ही जमा करें।
मध्यप्रदेश में "सेवा पखवाड़ा" जनसेवा के संकल्प को साकार करेगा
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की प्रेरणा से, जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान को सफल बनाना हम सबका दायित्व है।
आइये, स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता कर इस अभियान को सफल बनाएं : CM@DrMohanYadav51 @MoHFW_INDIA… pic.twitter.com/Ux0janP1Ly
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) September 17, 2025
‘सेवा पखवाड़ा अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता का महाअभियान सतत रूप से चले, इसके लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
चिकित्सालयों को स्वच्छ बनाने में सभी अपना अमूल्य योगदान अवश्य दें : CM@DrMohanYadav51 @MoHFW_INDIA @SwachhBharatGov #CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/LPLeApgAfP
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) September 17, 2025
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

