Poha Party: इंदौरी मना रहे सिंगल यूज प्लास्टिक का विदाई समारोह, पोहे के बेहतरीन स्वाद के साथ किया जा रहा जागरूक

Poha Party

Poha Party In Indore: स्वच्छता के मामले में इंदौर छक्का लगा चुका है और सातवीं बार भी यह ताज शहर के सिर पर सजे इस दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाना भी इन्हीं में से एक प्रयास है। इसके प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन दशहरा मैदान में किया गया है, जिसका नाम पोहा पार्टी रखा गया है। यहां पर सिंगल यूज प्लास्टिक का विदाई समारोह मनाया जा रहा है और इंदौरी पोहे की दावत के साथ खेलकूद, नाच-गाना, व्यायाम भी करवाया जा रहा है।

शुरू हुई Poha Party

अब जहां पोहे का नाम आ जाए वहां इंदौरी ना हो यह भला कैसे हो सकता है। जब लोगों को इस बारे में जानकारी लगी थी कि सिंगल यूज प्लास्टिक को विदाई देने के लिए पोहा पार्टी रखी जा रही है, तब से वह बेसब्री से आज के दिन का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही यह दिन आया सुबह होते ही सारे इंदौरी अपने फेवरेट पोहे का स्वाद चखने और सिंगल यूज प्लास्टिक को शहर से हमेशा के लिए विदाई देने के इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच गए।

बने 3 क्विंटल पोहे

यह आयोजन फिलहाल जारी है और प्रशासन को उम्मीद है कि लगभग 5000 लोग इसमें शामिल होंगे। इसी को देखते हुए 3 क्विंटल पोहे तैयार किए जा रहे हैं, इसके साथ एक क्विंटल नमकीन की व्यवस्था भी रखी गई है। शहर वासियों के साथ यहां पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसी सिलावट, आयुक्त हर्षिका सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को पोहा पार्टी का लुत्फ उठाते हुए देखा गया।

रखे गए ये आयोजन

इस पोहा पार्टी का सबसे मुख्य उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करने के प्रति लोगों में जागरूकता लाना है। अगर इसका इस्तेमाल बंद हो जाएगा तो स्वच्छता की श्रेणी में इंदौर एक पायदान और ऊपर पहुंच जाएगा। यही वजह है कि यहां पर प्लास्टिक को दानव बताया गया है और इंदौर की शान पोहे के बेहतरीन स्वाद के साथ जागरूकता फैलाने का काम किया जा रहा है और शहरवासी इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews