51 लाख की चोरी का खुलासा, नौकर ने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर की थी चोरी

51 लाख की चोरी का खुलासा, नौकर ने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर की थी चोरी

इंदौर/आकाश धोलपुरे

इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में हुई 51 लाख रुपए की चोरी में पुलिस ने घर के पुराने नौकर को गिरफ्तार किया है। घर के नौकर ने ही अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया था और उसके बाद वो गांव भाग गया था। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के पास से 41 लाख रुपए बरामद किए हैं।

दरअसल, कुछ समय पहले व्यापारी विवेक चुग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर में रखा पैसों से भरा बैग गायब है जिसमें करीब 51 लाख रुपये रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन के लिए टीमें गठित की, वहीं फरियादी ने पूछताछ में बताया गया कि कई पुराने नौकर हैं जो नौकरी छोड़ कर जा चुके हैं। व्यापारी ने नौकरों पर संदेह जताया था जिसके बाद पुलिस द्वारा उन नौकरों पर भी नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस जांच में खरगोन जिले में रहने वाले नौकर रामू का आचरण संदिग्ध पाया गया। जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी कर पूछताछ की गई तो उसने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस को पता चला कि चोरी की रकम उसने अपने घर में गड्ढा खोदकर गाड़ दी थी। डीआईजी हरिनारायण चारि मिश्र ने बताया कि रामू की निशानदेही पर पुलिस में 41 लाख रुपए नगद बरामद कर लिए हैं, वहीं 10 लाख खर्च कर दिए हैं। अब इस राशि की पूछताछ पुलिस कर रही है। इस चोरी में नौकर की एक महिला मित्र भी शामिल थी, पुलिस ने राधा नाम की उस महिला को भी गिरफ्तार किया है और उससे भी पूछताछ की जा रही है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews