वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता का भूकंप, कराकस में इमारतें गिरीं, 126 साल में सबसे बड़ा झटका, जापान में भी आया भूकंप

भूकंप ने वेनेजुएला की राजधानी कराकस समेत कई शहरों में भारी तबाही मचाई है। दरअसल 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो झटकों के बाद राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है। एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है।
वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता का भूकंप, कराकस में इमारतें गिरीं, 126 साल में सबसे बड़ा झटका, जापान में भी आया भूकंप

वेनेजुएला में बुधवार शाम भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिनसे पूरे देश में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जबकि कुछ सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। दोनों भूकंपों के बाद राजधानी कराकस समेत कई इलाकों में लोगों को घरों और इमारतों से बाहर निकलना पड़ा।

दरअसल USGS के अनुसार पहला भूकंप कराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में 13 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसके कुछ समय बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप मोरोन शहर के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कराकस एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा ढह गया, जबकि कई इमारतों और मकानों में दरारें आने तथा ढांचागत नुकसान की जानकारी सामने आई है।

वेनेजुएला में भूकंप के बाद राष्ट्रीय आपातकाल घोषित

भूकंप के बाद वेनेजुएला सरकार ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल लागू कर दिया है। राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राहत और बचाव एजेंसियों को तुरंत सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने माइकेतिया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को अगली सूचना तक बंद रखने का फैसला किया है। एयरपोर्ट परिसर में हुए नुकसान के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है।

नुकसान का आकलन किया जा रहा

दरअसल सरकारी अधिकारियों के मुताबिक अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों व नर्सों से तत्काल ड्यूटी पर पहुंचने की अपील की गई है। भूकंप के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी जानकारी मिली है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग झटकों के दौरान सड़कों पर भागते और सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए। प्रशासन लगातार प्रभावित इलाकों का सर्वे कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई थी।

वहीं भूकंप के झटके कराकस, काराबोबो, वेलेंसिया और आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि अचानक बिजली चली गई और इमारतें तेज़ी से हिलने लगीं। कई परिवार रातभर घरों के बाहर खुले स्थानों में रहे। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

जापान में भी आया भूकंप

इस बीच वेनेजुएला के बाद जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक इसका केंद्र कुजी शहर के उत्तर-पूर्व क्षेत्र में था। शुरुआती रिपोर्ट में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर जापान में कुछ बुलेट ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोका गया। वहीं अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने बाद में स्पष्ट किया कि वेनेजुएला और आसपास के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews