प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर दी बधाई, राष्ट्रपति ट्रंप को भेजा शुभकामना संदेश, जानें क्या कहा

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अमेरिका के 250वां स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति ट्रंप और वहां के नागरिकों को शुभकमनाएं दीं। साथ ही दोनों देशों के बीच की रणनीतिक साझेदारी पर जोर दिया।
Modi-Trump

अमेरिका शनिवार, 4 जुलाई 2026 को अपना 250वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि 1.4 अरब भारतीयों की ओर से मैं राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका के लोगों को आपकी आजादी की ऐतिहासिक 250वीं सालगिरह पर दिल से बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने कहा, भारत और अमेरिका के रिश्ते केवल एक रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं बल्कि लोकतंत्र, कानून के शासन और दोनों देशों के लोगों की असीम क्षमता में हमारा साझा विश्वास हमारी दोस्ती को विश्व कल्याण की एक सशक्त ताकत बनाता है। उन्होंने आगे कहा कि मैं कामना करता हूं कि अमेरिका के अगले 250 वर्ष और अधिक समृद्धि, शांति एवं प्रगति लेकर आएं तथा भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

डॉ. एस जयशंकर ने भी दी बधाई

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भी अमे​रिका के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ट्रंप सरकार और अमेरिका के नागरिकों को बधाई दी है। जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि भारत और अमेरिका अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 4 जुलाई 2026 को अमेरिका की स्वतंत्रता घोषणा की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इस ऐतिहासिक दिन को गर्व और उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के शेड्यूल में बदलाव

बता दें कि भीषण गर्मी को देखते हुए अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजकों ने शनिवार को वाशिंगटन में आयोजित होने वाले ‘सैल्यूट टू अमेरिका’ कार्यक्रम के शेड्यूल में आंशिक बदलाव किया है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का संबोधन और शाम को होने वाली आतिशबाजी अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews