नए साल में यहां नए ट्रैफिक नियम लागू, नियमों के उल्लंघन का वीडियो भेजा तो मिलेगा इनाम

वियतनाम में 1 जनवरी से नए यातायात नियम लागू हुए हैं, जिनका मकसद सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना और ट्रैफिक उल्लंघनों को रोकना है। इन नियमों में ड्राइवर लाइसेंस पर पॉइंट सिस्टम, भारी जुर्माने और ट्रैफिक उल्लंघन रिपोर्टिंग पर इनाम शामिल है। ये नियम नागरिकों को सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर देते हैं। इस पहल ने भारत सहित कई अन्य देशों में सुर्खियां बटोरी है।
Vietnam Rules

Vietnam new traffic rules : ट्रैफिक नियमों का पालन हर नागरिक के लिए जरूरी है। यह न सिर्फ सड़क पर अनुशासन बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। यातायात नियमों को तोड़ने पर जुर्माना और अन्य सजा का प्रावधान भी होता है। अलग अलग देशों में इसे लेकर अलग तरह के नियम हैं। इन सबी का मकसद यही है कि व्यक्ति सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। इसी क्रम में वियतनाम ने ट्रैफिक के नए नियम लागू किए हैं और अब वो सुर्खियों में हैं।

1 जनवरी 2025 से वियतनाम में नए ट्रैफिक नियम लागू हुए हैं, जिनका उद्देश्य सड़क सुरक्षा में सुधार और यातायात उल्लंघनों को कम करना है। इन नियमों में जिस बात की सबसे अधिक चर्चा हो रही है वो ये कि अब अगर यहां कोई भी नागरिक ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का वीडियो या सबूत संबंधित अधिकारियों को भेजकर जुर्माने की रकम का 10% तक का इनाम के रूप में प्राप्त सकता है।

वियतनाम में लागू हुए नए ट्रैफिक नियम

वियतनाम में नए ट्रैफिक नियम सिर्फ दंडात्मक उपाय नहीं है, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा अभियान का सक्रिय भागीदार बनाने का प्रयास है। इसमें ट्रैफिक उल्लंघनों के सबूत भेजने पर इनाम देने से लोग दूसरों को जागरूक करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इसका लक्ष्य सड़कों पर अनुशासन लाना और दुर्घटनाओं को कम करना है। आइये जानते हैं कि इन नए नियमों में क्या क्या बातें शामिल हैं।

  • ड्राइवर लाइसेंस पर पॉइंट सिस्टम : प्रत्येक ड्राइवर के लाइसेंस पर 12 अंक होंगे। उल्लंघन की गंभीरता के आधार पर अंक काटे जाएंगे। यदि सभी अंक कट जाते हैं, तो लाइसेंस अमान्य हो जाएगा और ड्राइवर को छह महीने बाद पुनः परीक्षा देकर लाइसेंस प्राप्त करना होगा।
  • ट्रैफिक उल्लंघनों पर भारी जुर्माने : नए नियमों के तहत ट्रैफिक उल्लंघनों पर भारी जुर्माने का प्रावधान है, जिससे सड़क सुरक्षा बढ़ाने और यातायात अनुशासन को सख्ती से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।
  • ट्रैफिक उल्लंघन रिपोर्टिंग पर इनाम : वियतनाम में एक नई पहल के तहत, यदि कोई व्यक्ति ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का वीडियो बनाकर संबंधित अधिकारियों को भेजता है तो उसे उस जुर्माने का 10% हिस्सा इनाम के रूप में दिया जाएगा।

प्रसिद्ध भारतीय अर्थशास्त्री ने किया इन नियमों का समर्थन

वियतनाम का यह कदम भारत में भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई लोग भारत में भी ऐसे नियम लागू करने की वकालत कर रहे हैं, वहीं कई लोगों का ये कहना है कि हमारे यहां जितने ट्रैफिक नियम तोड़े जाते हैं, अगर वीडियो बनाकर भेजने लगे तो लाखों कमाए जा सकते हैं। वही इस खबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अरविंद विरमानी ने कहा है कि “हमें यह नियम भारत में भी लागू करना चाहिए, खासकर सड़क पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने और रेड लाइट क्रॉस करने जैसे उल्लंघनों के लिए।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews