Delhi CM Arrested: जबलपुर में AAP कार्यकर्ताओं ने जमकर किया प्रदर्शन, कहा- “केंद्र सरकार ने केजरीवाल पर झूठा आरोप लगाकर करवाया गिरफ्तार”

Jabalpur

Arvind Kejriwal Arrested: आबकारी घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरूवार देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया, जिसको लेकर पूरे देश में आप कार्यकर्ता शुक्रवार को जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में भी सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर के मालवीय चौक में पार्टी के कार्यकर्ता इकट्ठे हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हाथों में तिरंगा झंडा लेकर की नारेबाजी

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर जबलपुर में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर लहराया और आम आदमी पार्टी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। पार्टी के सहसंयोजक रामकिशोर का कहना है कि केंद्र सरकार ने जिस तरह से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई की है यह सहा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कुछ ही सालों में दिल्ली की तस्वीर पूरी तरह से बदलकर रख दी है। आज शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली को लेकर न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी अरविंद केजरीवाल की तारीफ की जा रही है।

रिहाई न होने पर पूरे देश में होगा आंदोलन

आम आदमी पार्टी के सह संयोजक रामकिशोर ने कहा कि केंद्र सरकार ने जानबूझकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ झूठा भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और फिर गिरफ्तार भी करवाया। इसके अलावा पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि आज सिर्फ धरना प्रदर्शन किया गया है। अगर जल्द ही अरविंद केजरीवाल की रिहाई नहीं होती है तो फिर पूरे देश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन भी करेंगे।

[dgv_vimeo_video id=”926232784″]

[dgv_vimeo_video id=”926233000″]

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews