जबलपुर में चला जनता दल पार्टी के दफ्तर पर बुलडोजर, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस

रक्षा संपदा के डायरेक्टर एनवी सत्यनारायण जबलपुर दौरे पर हैं, उन्होंने निरीक्षण के दौरान देखा कि सदर मेन रोड के पास अवैध रूप से निर्माण चल रहा है, जिसके बाद तुरंत ही उन्होंने कैंट बोर्ड के अमले को अवैध निर्माण हटाने की निर्देश दिए।
jabalpur janta dal party

jabalpur News : मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर दौरे पर पहुंचे रक्षा संपदा के डायरेक्टर ने जब कैंट बोर्ड सदर के पास अवैध निर्माण देखे तो नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरंत ही उन्होंने रोड पर बने अवैध तरीके से बने अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। कैंट बोर्ड की इस कार्रवाई की जद में जनता दल यूनाइटेड का कार्यालय भी आ गया। जैसे ही कैंट बोर्ड का बुलडोजर जनता दल कार्यालय को तोड़ने के लिए आगे बढ़ा तो पार्टी के नेता सूरज जायसवाल अपने समर्थकों के साथ बुलडोजर के आगे आ गए और फिर जमकर वाद-विवाद हुआ। यह आदेश रक्षा संपदा के डायरेक्टर का था लिहाजा अधिकारी भी पीछे हटने को तैयार नहीं थे। आखिरकार कैंट बोर्ड के बुलडोजर ने जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय को तोड़ दिया।

जिस दौरान यह कार्रवाई हो रही थी उस समय कैंट बोर्ड के अधिकारी और जनता दल यूनाइटेड के नेता सूरज जायसवाल के बीच जमकर विवाद भी हुआ। नेता सूरज जायसवाल का कहना था कि बिना अनुमति और नोटिस के बिना ही उनका यह कार्यालय तोड़ा गया है, जबकि उनके पास जमीन के दस्तावेज है। वही कैंट बोर्ड ने जमीन पर अवैध बने अतिक्रमण बताते हुए कार्यालय को तोड़ा है। दरअसल रक्षा संपदा के डायरेक्टर एनवी सत्यनारायण जबलपुर दौरे पर हैं, उन्होंने निरीक्षण के दौरान देखा कि सदर मेन रोड के पास अवैध रूप से निर्माण चल रहा है, जिसके बाद तुरंत ही उन्होंने कैंट बोर्ड के अमले को अवैध निर्माण हटाने की निर्देश दिए। अधिकारी के आदेश बुलडोजर के साथ कैंट बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय सहित करीब चार से पांच दुकानों को तोड़ दिया।

यह कार्रवाई है पूरी तरह से गलत : नेता सूरज जायसवाल

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कैंट इंजीनियर सी के खराटे, इंजीनियर अनुराग आचार्य, पलाश श्रीवास्तव और अतिक्रमण प्रभारी नितेश पटेरिया भी मौजूद रहे, जिनसे कि जनता दल यूनाइटेड के नेता सूरज जायसवाल का विवाद हुआ। सूरज जायसवाल का कहना था कि यह कार्रवाई पूरी तरह से गलत है, जहां पर अतिक्रमण है उन्हें संरक्षण देते हुए जिनके पास जमीन के दस्तावेज हैं उनके मकान को तोड़ा जा रहा है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”1030012836″]

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews