
Jabalpur Lokayukta Police : एमपी लोकायुक्त पुलिस ने आज एक बार फिर रिश्वत खोर (Bribe) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, मामला जबलपुर के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का है, जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सीईओ को 20,000/- रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जबलपुर लोकायुक्त पुलिस (Jabalpur Lokayukta Police) से मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति तलाड, मुकाम पोस्ट तलाड, तहसील मझौली जिला जबलपुर के निवर्तमान समिति प्रबंधक राधे लाल यादव ने एक शिकायती आवेदन दिया था कि बैंक के प्रशासक द्वारा उनकी सेवा समाप्ति के खिलाफ जबलपुर उच्च न्यायालय ने स्थगन आदेश दिया है।
बैंक के सीईओ ने मांगी रिश्वत
लेकिन बैंक के सीईओ वीरेश कुमार जैन उनको ज्वाइन करने के लिए परेशान कर रहे हैं और जॉइनिंग कराने एवं चार्ज देने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं, लोकायुक्त ने शिकायत की जाँच की और सही पाए जाने के बाद सीईओ को ट्रैप करने की प्लानिंग की।
लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत की राशि लेकर आवेदक को भेजा
आज 26 दिसंबर को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने आवेदक समिति प्रबंधक राधे लाल यादव को रिश्वत की राशि 20 हजार रुपये लेकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जबलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीरेश कुमार जैन के पास उनके कार्यालय भेजा।
20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
समिति प्रबंधक राधे लाल यादव ने जैसे ही रिश्वत की राशि 20,000/- रुपये जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जबलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीरेश कुमार जैन को उनके कार्यालय में दी, पहले से तैयार लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
[dgv_vimeo_video id=”784341054″]
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

