दीपावली से पहले जबलपुर जिला प्रशासन ने मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। वहीं इसी के तहत गुरुवार रात राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के तीन इलाकों में स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। रात करीब 9 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट के किचन की जांच की गई। अधिकारियों को वहां गंदे पानी का इस्तेमाल और बेहद खराब सफाई व्यवस्था मिली। इसके बाद टीम ने मौके पर ही कार्रवाई की।

दरअसल खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के मुताबिक सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट को लेकर गंदे पानी के इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर टीम ने साउथ सिविल लाइन स्थित रेस्टोरेंट के किचन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि बाथरूम के पानी से सब्जियां धोई जा रही थीं और इसी पानी का इस्तेमाल खाना बनाने में भी किया जा रहा था। किचन में गंदगी थी और भोजन तैयार करने के लिए जरूरी साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था।

रेलवे में भी सप्लाई किया जाता है खाना

वहीं जांच के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालक से भी पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, संचालक ने बताया कि इसी किचन में खाना तैयार करके पैकेट बनाए जाते हैं और उन्हें रेलवे में सप्लाई किया जाता है। यानी यहां तैयार भोजन सिर्फ रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं था बल्कि ट्रेन यात्रियों तक भी पहुंच रहा था। इस जानकारी के बाद टीम ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया और आगे की कार्रवाई की।

रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित

वहीं निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रेस्टोरेंट से पनीर, दाल और चावल के नमूने लिए। इन सैंपल को जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में रिपोर्ट मिल सके। वहीं, किचन में अस्वच्छ हालात और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने रेस्टोरेंट का FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिया। इसके साथ ही प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सिर्फ खाने के सैंपल लेने तक सीमित नहीं रही। अधिकारियों ने मौके पर मिली स्थिति के आधार पर रेस्टोरेंट का कामकाज बंद कराया। अब नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कोई गड़बड़ी सामने आती है तो संचालक के खिलाफ अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं।

जबलपुर की मिठाई दुकानों पर भी जांच

दरअसल दीपावली के मौके पर मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने शहर की दो मिठाई दुकानों का भी निरीक्षण किया। ग्वारीघाट स्थित न्यू केशरवानी स्वीट्स से नारियल बर्फी और मगज के लड्डू के नमूने लिए गए। वहीं, रामपुर स्थित मधु कलश स्वीट्स से आटे के लड्डू और पेड़े के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।