जबलपुर में श्री गुरु तेग बहादुर जी की शताब्दी यात्रा के सम्मान में अभूतपूर्व उत्साह के साथ निकला भव्य नगर कीर्तन

शताब्दी यात्रा ने जबलपुर से अब छत्तीसगढ़ के लिए प्रस्थान किया, बड़ी संख्या में सिख संगत ने यात्रा को भावपूर्ण विदाई दी।
Grand Nagar Kirtan in Jabalpur

grand Nagar Kirtan in Jabalpur in honour of the centenary journey of Shri Guru Teg Bahadur Ji

सनातन संस्कृति और मानवता की रक्षार्थ अपना महान बलिदान देने वाले सिख धर्म के नवमें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350 वें शताब्दी शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आसाम स्थित पवित्र गुरुद्वारा धोबड़ी साहिब, आसाम से शुरू होकर 13 प्रदेशों को कवर करती हुई आनंदपुर साहिब पंजाब में समाप्त होने वाली राष्ट्रीय शताब्दी यात्रा के सम्मान में नगर के सिख समाज के विभिन्न संगठनों ने भव्य और प्रेरक नगर कीर्तन निकाल कर यात्रा का अभूतपूर्व अभिनन्दन, स्वागत और वंदन किया।

ड्रोन से मुक्ताकाश से लगातार बहुरंगी पुष्पों की वर्षा कर अनूठा और रोमांचक सत्कार

इसमें नगर के अन्य धर्मावलंबी भी शामिल हुए । प्रेमनगर गुरुद्वारे से शुरू हुए भव्य नगर कीर्तन में यात्रा के साथ आए विशेष वाहन में, सिख गुरु हरगोबिंद साहिब, गुरु तेग बहादुर साहिब और गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के ओरिजिनल पुरातन शस्त्र एवं श्रीगुरू ग्रंथ साहिब जी की पवित्र बीड़ साहिब दर्शनार्थ स्थापित की गई थी। यहां शामिल पंथिक पंज प्यारे, रणजीत नगाड़ा वादन करते योद्धा, सिख मार्शल आर्ट गतकां के करतब दिखाते युवा, और गुरुवाणी की धुन बजा कर माहौल को भक्तिमय बनाने वाले बैंड दल के साथ ही समूचे पथ को झाड़ू से बुहार कर पुष्पों से पाट देने वाले बच्चे और युवा सेवादार बरबस ही ध्यानाकृष्ट कर रहे थे। दूसरी तरफ कृषि क्षेत्र के भारी भरकम ड्रोन से मुक्ताकाश से लगातार बहुरंगी पुष्पों की वर्षा कर अनूठा और रोमांचक सत्कार किया जा रहा था।

गुरुद्वारा गुरुनानक स्थली मढ़ाताल में कीर्तन दरबार और गुरु का लंगर

यात्रा में शामिल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर पंजाब के रागी जत्थे और पदाधिकारियों ने जबलपुर के सर्वधर्म सौहार्द की भूरि भूरि प्रशंसा की। केंद्रीय गुरु सिंह सभा मध्य प्रदेश भोपाल के अध्यक्ष जानी बलदेव सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का महान बलिदान हमें सर्व धर्म और मानवता की रक्षा के साथ साथ राष्ट्र हित के प्रति सदैव सचेत रहने की प्रेरणा देता है। नगर कीर्तन में स्त्री सत्संग जत्थों के रूप में मातृशक्ति का खासा योगदान रहा। यात्रा में  विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं, द्वारा फल फूल और मिष्ठान के साथ यात्रा का अभिनन्दन किया गया। समापन के अवसर पर मालवीय चौक स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक स्थली मढ़ाताल में कीर्तन दरबार और गुरु का लंगर वितरित किया गया । इसके तुरंत बाद गोरखपुर, सदर, बिलहरी बरेला होते हुए यात्रा ने बिलासपुर छत्तीसगढ़ हेतु प्रस्थान किया। यात्रियों को पुष्पहार और सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया गया। सिख सेवक जत्था, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जबलपुर और जबलपुर सिख संगत, गुरुद्वारा प्रेमनगर मढ़ाताल एवं युवा संगठनों का विशेष योगदान रहा। इस ऐतिहासिक और गरिमामय आयोजन में शासन प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। आयोजक सिख सेवक जत्थे के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने आभार व्यक्त किया।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews