जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र में बुधवार रात को देवी विसर्जन जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान बिजली का तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया। करंट से 8 लोग झुलस गए। इनमें से 2 युवकों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र की प्रतिमा को नरीली तालाब में विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। वहीं, प्रतिमा के साथ 50 से अधिक लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ते में 440 वोल्ट की बिजली लाइन के तार झूलते हुए नजर आये। इस दौरान हाईटेंशन लाइन के तार को बांस की मदद से ऊपर करने का प्रयास किया जा रहा था। तभी तार ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगे बिजली के पोल से टकरा गया। तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में ट्रैक्टर में बैठे विकास राजपूत (22) और प्रिंस चौहान (23) की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें
मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया और पुलिस एवं विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने के साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई: अजय विश्नोई
बता दें कि तनावपूर्ण माहौल की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री एवं पाटन विधायक अजय विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुये मृतकों के परिजनों से मुलाकात की एवं उनके प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट की। अजय विश्नोई ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक अजय बिश्नोई ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज होगी।
बैठक में पहले ही दी गई थी बिजली के तार नीचे लटकने की सूचना
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस-प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों और समिति के सदस्यों की बैठक में बिजली के तार नीचे लटकने की सूचना पहले ही दे दी गई थी। इन्हें ठीक कराने एवं व्यवस्थित करने के लिये भी कहा गया था, लेकिन प्रशासन की ओर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते यह हादसा हुआ। घटना में मयंक राजपूत, विक्की रैकवार, मनीष राजपूत और आयुष रैकवार गंभीर रूप से घायल हुये हैं। उन्हें पहले मझौली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
