बिजली कंपनी के AE और लाइनमैन को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, कृषि भूमि पर कनेक्शन देने के बदले मांगी घूस

आरोपियों ने कार्यालय के बाहर जैसे ही रिश्वत के 12000 रुपए लिए तभी उसे रंगे हाथ पकड़ा गया। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।  
Assistant Engineer and Lineman arrested accepting bribe

Assistant Engineer and Lineman arrested accepting bribe

जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार की दोपहर को बिजली विभाग में पदस्थ सहायक अभियंता और लाइनमैन को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों का नाम मनोज कुमार दुबे सहायक अभियंता, कार्यालय कनिष्ठ/सहायक अभियंता और धनेश कुमार शुक्ला लाइनमैन है, दोनों ही आरोपी कटंगी मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड कार्यालय में पदस्थ हैं।

जानकारी के मुताबिक आवेदक मुकेश कुमार यादव निवासी जमुनिया तहसील कटंगी जिला जबलपुर को अपनी कृषि भूमि में मोटर चलाने हेतु 3 एचपी का स्थाई बिजली कनेक्शन चाहिए था। बिजली कनेक्शन के लिए आवेदक ने कनिष्ठ /सहायक अभियंता मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड कटंगी, जिला जबलपुर में आवेदन दिया था।

3 एचपी के स्थाई विद्युत कनेक्शन के लिए मांगी 15 हजार की घूस 

आवेदक द्वारा चाहे गए 3 एचपी के स्थाई विद्युत कनेक्शन के लिए कटंगी कार्यालय में पदस्थ सहायक अभियंता मनोज कुमार दुबे तथा लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला के द्वारा आवेदक से 15000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी। फरियादी ने बार-बार कहा कि रकम बहुत ज्यादा है पर आरोपी काम करने को तैयार नहीं हुए, थक हारकर मुकेश ने जबलपुर लोकायुक्त एसपी को लिखित में शिकायत दी।

12000/ रुपये रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा  

सोमवार को लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन किया और फिर दोनों आरोपियों को रिश्वत  देने के लिए जाल बिछाया। आरोपियों ने कार्यालय के बाहर जैसे ही रिश्वत के 12000 रुपए लिए तभी उसे रंगे हाथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) एवं 61 ( 2) बी एन एस के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews