Jabalpur News : डॉ नरोत्तम मिश्रा का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बताया इच्छाधारी हिंदू, सिंगरौली मामले पर कही ये बात

Jabalpur News : डॉ नरोत्तम मिश्रा का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बताया इच्छाधारी हिंदू, सिंगरौली मामले पर कही ये बात

Jabalpur News : गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं को चुनावी हिंदू और इच्छाधारी हिंदू बताया है, उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही कांग्रेस को राम कथा याद आती है, मंदिर याद आते हैं, उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ ट्विटर और टीवी पर जिन्दा है, सिंगरौली विधायक के बेटे द्वारा आदिवासी युवक को गोली मारने की घटना पर गृह मंत्री ने कहा कानून अपना काम कर रहा है।

जिला अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा 

डॉ नरोत्तम मिश्रा आज जबलपुर पहुंचे उन्होंने पार्टी कार्यालय में संभाग के पार्टी जिला अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। बैठक में उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता विधायक अजय विश्नोई, विधायक संजय पाठक , महामंत्री कविता पाटीदार सहित संभाग के जिला अध्यक्षगण उपस्थित थे, बैठक में विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हुई और सभी से प्राण प्रण से जुट जाने की अपील डॉ नरोत्तम मिश्रा ने की ।

गृह मंत्री का आरोप – कांग्रेस की राजनीति लोगों को जातियों में बांटने तक ही 

मीडिया से बात करते हुए डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर जमकर हमले किये, उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ टीवी और ट्विटर पर ही ज़िंदा है, ज़मीन पर जन आंदोलन करती नहीं दिखती, गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति लोगों को जातियों में बांटने तक ही रह गई है।

गृह मंत्री का सवाल – 15 माह की सरकार में SC/ST के हित में 1 भी फैसला लिया हो तो बताए कांग्रेस

कांग्रेस द्वारा SC/ST वर्ग पर अत्याचार की जांच के लिए गठित की गई 5 सदस्यीय टीम के सवाल पर गृह  मंत्री ने कहा कि ये टीम इसलिए बनी है कि कांग्रेस समाज को तोड़ने के लिए नए मुद्दे ढूंढ सके। उन्होंने सवाल किया कि 15 माह की सरकार में कांग्रेस ने SC/ST के हित में 1 भी फैसला लिया हो तो बताए? कांग्रेस राज में SC वर्ग पर हुई अत्याचार की दर्दनाक घटनाएं हुई ये जनता जानती है।

नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस को बताया इच्छाधारी हिंदू 

छिंदवाड़ा में 5 से 7 अगस्त तक बागेश्वर धाम की रामकथा आयोजन पर नरोत्तम मिश्रा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के  लोग चुनावी हिंदू हैं , इच्छाधारी हिंदू हैं। चुनाव आते ही इन्हें कथा और मंदिर याद आ जाते हैं, चुनाव जाते ही सब गायब। कांग्रेस बताए बीते 4 साल में क्यों नहीं करवाई रामकथा?  मैं बरसों से दतिया में कथा का आयोजन करवाता आ रहा हूँ।

सिंगरौली मामले पर बोले – कानून अपना काम करेगा, केस दर्ज हो गया है 

सिंगरौली में भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य के बेटे विवेकानंद वैश्य द्वारा आदिवासी युवक सूर्य प्रकाश खैरवार को गोली मारने की घटना के सवाल पर गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा इस मामले में कार्रवाई हो रही है, FIR हो गई है। केस रजिस्टर हुआ है कानून अपना काम करेगा।

[dgv_vimeo_video id=”851566632″]

[dgv_vimeo_video id=”851566741″]

[dgv_vimeo_video id=”851566828″]

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट  

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews