Jabalpur News : खास दुकानों से कॉपी-किताब और यूनिफार्म खरीदने के लिए बाध्य करने वाले 18 स्कूलों पर FIR

school News

Jabalpur News :  मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और जिला प्रशासन के निर्देशों के बाद भी निजी स्कूल अपनी मनमानी करने से नहीं मान रहे, ऐसे ही स्कूलों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों के बाद अब जबलपुर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है, कलेक्टर के आदेश पर इन स्कूलों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, इनपर FIR की जा रही है।

अभिभावकों को खास दुकानों से कॉपी-किताब, यूनिफार्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री क्रय करने के लिये बाध्य करने की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने 18 निजी स्कूलों के विरुद्ध मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा अन्य संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम 2017 की धारा 6 एवं 9 में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है।  कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशानुसार प्रारंभ की गई कार्यवाही में शिकायतों की जांच और खुली सुनवाई कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला समिति द्वारा की जायेगी। खुली सुनवाई में अभिभावकों तथा अन्य सभी सबंधित पक्षकारों को साक्ष्य एवं कथन प्रस्तुत करने का मौका दिया जायेगा।

इन स्कूलों के खिलाफ की गई वैधानिक कार्यवाही 

कलेक्टर कार्यालय के अनुसार जिन स्कूलों के विरुध्द शिकायतें प्राप्त हुई हैं उनमें श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, सेंट एलायसियस सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोलीपाथर, स्टम्फील्ड इंटरनेशनल स्कूल विजय नगर, रेयान इंटरनेशनल स्कूल, भेड़ाघाट रोड स्थित आर्किड इंटरनेशनल स्कूल, केयर पब्लिक स्कूल नेपियर टाउन, विजडम वैली स्कूल, माउंट लिटेरा स्कूल, सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल सदर, सेंट फ्रान्सिस हाईस्कूल खमरिया, क्राइस्ट चर्च को-एड स्कूल सालीवाडा, जुपिटर इन्टनेशनल स्कूल, आयडियल स्कूल, क्राइस्ट चर्च डायसियस स्कूल घमापुर, क्षितिज माडल हाईस्कूल, नचिकेता स्कूल, कमलादेवी पब्लिक स्कूल एवं लिटिल हार्ट स्कूल भेडाघाट चौराहा शामिल हैं ।

स्टेम फील्ड स्कूल ने 22 प्रतिशत बढ़ाई फीस

कॉपी-किताबें और यूनिफार्म विशेष दुकान से खरीदने के लिये बाध्य करने के अलावा विजय नगर स्थित स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के विरुद्ध 22 प्रतिशत फीस बढ़ाने की शिकायत को भी संज्ञान में लिया गया है । कलेक्टर के निर्देश पर फीस वृद्धि के इस मामले की भी जाँच की जा रही है । शिकायत सही पाये जाने पर स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध 2 लाख रुपये का अर्थदंड लगाने के साथ-साथ स्कूल की मान्यता को निलंबित अथवा रद्द करने का निर्णय भी लिया जा सकता हैं।

कलेक्टर दीपक सक्सेना को उनके व्हाट्स नम्बर पर की गई शिकायतें 

सभी शिकायतें स्कूली बच्चों के अभिभावकों द्वारा कलेक्टर दीपक सक्सेना को उनके व्हाट्स नम्बर पर की गई है । ज्ञात हो कि कलेक्टर दीपक सक्सेना ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दुकान विशेष से कॉपी-किताबें, यूनिफार्म और अन्य शैक्षिक सामग्री खरीदने के लिये बाध्य करने की शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश देने के साथ ही अभिभावकों को अपने मोबाइल से इस तरह की शिकायत सीधे उन्हें व्हाट्सएप पर देने कहा था । श्री सक्सेना ने अभिभावकों से आग्रह किया था कि वे दुकान विशेष से कॉपी-किताबें या यूनिफार्म क्रय करने शाला प्रबंधन द्वारा औपचारिक या अनौपचारिक से दिये गये निर्देश, सलाह या सूचना, कार्ड अथवा स्कूल के अंदर या बाहर लगे पोस्टर, पम्पलेट अथवा बैनर की रिकार्डिंग या इमेज अपने मोबाइल से उनके व्हाट्सएप नम्बर 94070 83130 पर भेजें । अभिभावकों से प्राप्त इस तरह की शिकायत या सूचना देने पर तत्काल कार्यवाही करने साथ ही शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखने की बात भी कही गई थी।

संदीप कुमार ….जबलपुर

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews