Jabalpur News : शोरुम मालिक ने की बड़ी हेराफेरी, नई गाड़ी के पैसे लेकर थमा दी सेकंड हैंड कार

Jabalpur News : शोरुम मालिक ने की बड़ी हेराफेरी, नई गाड़ी के पैसे लेकर थमा दी सेकंड हैंड कार

Jabalpur News : अगर आप कार खरीदने शोरूम जाते है तो स्वाभाविक सी बात है कि नई कार ही खरीदेंगे लेकिन जबलपुर में एक बड़ी कार कंपनी ने शोरुम से अपने ग्राहक को सेकंड हैंड कार थमा दी। नई कार के पैसे देने के बाद पुरानी कार मिलने की जानकारी जब ग्राहक को लगी तो वह सीधे कार शोरूम पहुंचे जहां मालिक से बात की पर कार संचालक ने यह कहकर कार लेने से मना कर दिया कि कार मे कोई शिकायत नहीं है आप बेफिक्र होकर चलाए। बीस लाख रुपए देने के बाद भी जब ग्राहक को नई कार नहीं मिली तो उन्होने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए अब उपभोक्ता फोरम जाने की बात कह रहे है।

यह है मामला

जबलपुर के संजीवनी नगर में रहने वाली साफ्टवेयर इंजीनियर वीथिका सैनी ने और उनके पति प्रतीक सिंह ने महानद्दा स्थित स्कोडा कंपनी में 24 जनवरी 2023 को कार की बुकिंग 51 हजार रुपए देकर की, बाकी का पैसा करीब साढ़े 16 लाख वीथिका ने बैंक से फाइनेंस करवा लिया और 16 फरवरी को पूरा पैसा देकर कार को घर ले आए। कार को घर लाते ही उसमें समस्या आने लगी, कार का कभी एसी बंद हो जाता तो कभी डोर का कांच नहीं ऊपर चढ़ता। कार में लगातार आ रही समस्या को लेकर ग्राहक ने शोरुम से शिकायत की तो आश्वासन दिया गया कि आप सर्विसिंग में कार लेकर जब आते है तो चेक कर लिया जाएगा।

कुछ दिन कार को चलाने के दौरान डेस बोर्ड मे एक बुकलेट मिली जिसमें वीथिका का नाम ना होकर किसी और का नाम लिखा हुआ था,जिसकी जानकारी उन्होंने कार शोरुम मे दी पर वहां से ध्यान नही दिया गया। इस बीच वीथका कार मे मिली बुकलेट को जब देखती है तो उसमें नागपुर इंद्रप्रस्थ निवासी डे का नाम लिखा होता है, कार की बुक मे डे का मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। वीथिका जब डे को फोन कर कार के विषय मे जानकारी लेती है तो पता चलता है कि कार मे कोई खराबी थी जिसके कारण उसे नागपुर के स्कोडा शोरुम मे बदलकर दूसरी कार ली थी। वीथिका कार के विषय मे जब और जानकारी जुटाती है तो पता चलता है कि डे से पहले कार किसी राजेश अशोक कुमार खैरा को बेची गई थी, याने की वीथिका ने स्कोडा कार शोरुम से बीस लाख मे थर्ड आनर कार खरीदी थी।

नई कार का पुराना इतिहास निकालने के बाद वीथिका सैनी ने कार शोरुम के मालिक से संपर्क किया तो उनका कहना था कि कार मे अब कोई भी परेशानी नही है, यह नई कार है। वीथिका ने बताया कि जो स्कोडा कार हमने बीस लाख रुपए मे खरीदी है, सबसे पहले यह कार 30 सितम्बर 2022 को राजेश खैरा ने इस कार को खरीदी, उसके बाद यही कार 28 अक्टूबर को मिस्टर डे को यह कार बेची गई और अब 16 फरवरी को हमें यह कार स्कोडा शोरुम से बेची गई। वीथिका ने बताया कि बीस लाख रुपए देने के बाद भी हमे स्कोडा शोरुम के मालिक आनंद वाधवा,अभिषेक नागपाल, जनरल मैनेजर प्रमोद निमबोलकर और सेल्स एक्जीकेटिव असित राय से संपर्क किया तो किसी भी तरह का जवाब नही मिला।

वीथिका ने कहा कि कार को लेकर कई बार शोरुम के चक्कर काटे पर शोरुम आनर का कहना है कि कार मे किसी भी तरह की समस्या नहीं है, इधर वीथिका का कहना है कि नई कार के रुपए देकर हमें पुरानी कार थमा दी गई है, स्कोडा कार संचालक ने हमें ठगा है। वीथिका ने कहा कि कार की समस्या को लेकर हमनें शोरुम के मालिक से लेकर जनरल मैनेंजर और कंपनी तक बात की पर कहीं से भी संतोषजनक जवाब नही मिला है, इसलिए अब जल्द ही स्कोडा कंपनी औऱ जबलपुर शोरुम संचालक के खिलाफ उपभोक्ता फोरम मे शिकायत दर्ज करवाएंगे।

वीथिका सैनी ने बताया कि 51 हजार रुपए एड़वांस देने के बाद ढ़ाई लाख रुपए की एनईएफटी की गई और 16 लाख 78 हजार रुपए फाईनेंस करवाया गया। कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपए कार मे खर्च हो गए है, इसके बाद भी ऐसा लग रहा है कि नई कार की रकम देकर हमने पुरानी कार खरीदी हो, वीथिका का कहना है कि जल्द ही वकील के माध्यम से उपभोक्ता फोरम मे केस दर्ज करवाया जाएगा।

नई कार की जगह पुरानी कार देने की जो शिकायत वीथिका की थी उसको लेकर जब हमने जबलपुर स्कोडा शोरुम के डायरेक्टर अभिषेक नागपाल से बात की तो उनका कहना था कि इस मामले मे आप कंपनी से बात करें, अभी तक जो फेक्ट सामने आए है वह गलत है और केस का समाधान हो चुका है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews