जबलपुर पुलिस ने होंडा सेंट्रो कार से 170 जिंदा कारतूस और पिस्टल किए बरामद, पूछताछ में आरोपियों ने किए कई अहम खुलासे

मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी कार से 170 जिंदा कारतूस और एक पिस्टल लेकर शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पूछताछ में पता चला है कि हथियारों की यह खेप उत्तर प्रदेश के बांदा से खरीदी गई थी।
जबलपुर पुलिस ने होंडा सेंट्रो कार से 170 जिंदा कारतूस और पिस्टल किए बरामद, पूछताछ में आरोपियों ने किए कई अहम खुलासे

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच और गोसलपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह एक होंडा सेंट्रो कार को रोककर दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल और 170 जिंदा कारतूसों का जखीरा बरामद हुआ है। पुलिस का मानना है कि ये दोनों आरोपी शहर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दरोगा उर्फ विशाल पांडे (25) निवासी पटेल नगर महाराजपुर और आदर्श बेन (22) निवासी सुहागी के रूप में हुई है। दोनों जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी सफेद रंग की होंडा सेंट्रो कार (क्रमांक एमपी 20 सीके 6302) भी जब्त कर ली है।

उत्तर प्रदेश के बांदा से जुड़े तार

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपी विशाल पांडे ने बताया कि उन्होंने यह हथियार उत्तर प्रदेश के अतर्रा, बांदा क्षेत्र में रहने वाले ‘भोला मामा’ नामक व्यक्ति से खरीदे थे। इस पूरे सौदे के लिए उन्होंने 80 हजार रुपये का भुगतान किया था। इसमें से 72 हजार रुपये के .32 बोर के कारतूस विशाल ने और 8 हजार रुपये के .315 बोर के कारतूस आदर्श बेन ने खरीदे थे। पुलिस अब ‘भोला मामा’ और उसके नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

क्राइम ब्रांच के एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि 26 फरवरी की सुबह एक मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। सूचना थी कि कटनी की ओर से दो युवक भारी मात्रा में कारतूस और हथियार लेकर जबलपुर आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। गुरुवार सुबह जब आरोपी मोहसाम के पास से गुजर रहे थे, तो पुलिस टीम ने उनकी कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान विशाल पांडे की कमर से एक देशी पिस्टल मिली। वहीं, कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखे गए 160 नग .32 बोर के जिंदा कारतूस और आदर्श बेन के पास से 10 नग .315 बोर के जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला, एक का है पुराना रिकॉर्ड

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, संगठित अपराध के तत्व पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 बी के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल पांडे उर्फ दरोगा एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ अधारताल, पनागर, कुंडम और माढ़ोताल थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली जैसे एक दर्जन से अधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के गैंग और उनके नेटवर्क के बारे में गहराई से जांच कर रही है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews